फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: दिल्ली कूच फिलहाल टलने से राहत, कुंडली बॉर्डर पर सर्विस रोड खुली रहेगी

Thu, 29 Feb 2024 11:02 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
राई। किसानों का दिल्ली कूच फिलहाल टल गया है। किसानों ने इसको लेकर कोई घोषणा नहीं की है। ऐसे में फिलहाल कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर वाहन चालकों के लिए दोनों तरफ के सर्विस रोड खुली रहेगी। किसानों ने आंदोलन अभी खत्म नहीं किया है और वह शंभू बॉर्डर पर डटे रहेंगे तो कुंडली बॉर्डर के फ्लाईओवर को फिलहाल नहीं खोला जा रहा है। पुलिस राहत को बढ़ा रही है और दोनों तरफ बैरिकेडिंग में ढील दी गई है। हालांकि पानीपत-दिल्ली लेन पर सर्विस रोड की एक लेन खोलने से पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
विज्ञापन


किसानों के दिल्ली कूच के एलान के बाद पंजाब के किसान 13 फरवरी को अंबाला के शंभू बॉर्डर पर आ डटे थे। वहां से दिल्ली कूच के प्रयास में किसानों का सुरक्षा बलों के बीच टकराव हो गया था, जिसके बाद सोनीपत व दिल्ली पुलिस ने कुंडली-सिंघु बॉर्डर को पूरी तरह से सील कर दिया था। किसानों के यहां पहुंचने की आशंका व शंभू बॉर्डर पर पैदा हुए हालात से सबक लेते हुए पुलिस प्रशासन ने कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर अभेद किलेबंदी करते हुए सात लेयर बना दी थीं। यही नहीं, किलेबंदी को आए दिन पहले से ज्यादा मजबूती देने के लिए पत्थरों के बैरिकेड्स के बीच 6 से 8 फुट चौड़ी सीमेंट की दीवारें खड़ी कर दी गई थी। बाद में राहत देने के लिए दो दिन की मशक्कत के बाद दोनों तरफ के सर्विस रोड पर बनी दीवारों को तोड़ा गया और 26 फरवरी को सर्विस रोड वाहन चालकों के लिए खोल दिए गए थे। अब आशंका थी कि कहीं किसान 29 फरवरी को दिल्ली कूच एलान कर देंगे तो यह राहत फिर से बंद हो जाएगी, लेकिन किसानों ने दिल्ली कूच को फिलहाल टालने का निर्णय लिया है।



वैकल्पिक मार्गों पर परेशानी के चलते बॉर्डर पर भीड़ बढ़ी

नरेला सफियाबाद रोड पर निर्माण कार्य चलने के कारण यह वाहन चालकों के लिए बंद हैं, जिसके चलते कुंडली बॉर्डर पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। उधर, औचंदी-फिरोजपुर बॉर्डर बंद होने के कारण भी वाहन चालक वहां से नहीं जा रहे है।
विज्ञापन


जाम से निकलने में लग रहा आधा से पौना घंटा

कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर वाहनों की कतार लगी रह रही है। खासकर सुबह व शाम को तो लंबा जाम लग जाता है। सुबह-शाम जाम में फंसे वाहनों को मशक्कत से निकाला जा रहा है। उन्हें जाम से निकालने में आधा से पौना घंटा लग जाता है। उसके बाद ही वह गंतव्य की तरफ रवाना हो पाते है। वाहन चालक महेश व सुनील ने बताया कि हाईवे पर आठ लेन पूरी तरह बंद है। पानीपत-दिल्ली मार्ग पर सर्विस रोड की एक लेन खुली है। जिसके चलते समस्या बढ़ रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें