फोटो 07- सोनीपत बस अड्डे पर बस का इंतजार करते यात्री। संवाद
सोनीपत। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए रोडवेज विभाग ने करीब एक साल से बंद पड़े डबवाली रूट पर दोबारा से परिवहन सेवाएं शुरू कर दी हैं। वीरवार को सोनीपत बस अड्डे से डबवाली के लिए दो बसें रवाना की गई हैं। दोनों बसों को रात्रि ठहराव डबवाली में ही रहेगा। यह बसें आगामी दिन सोनीपत के लिए अपना सफर शुरू करेंगी। रोडवेज अधिकारियों ने यात्रियों की सुविधा के लिए नए रूट शुरू करने की योजना तैयार की थी। इसके तहत सोनीपत से डबवाली के लिए बस सेवा शुरू की थी। यह बस सोनीपत से गोहाना, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा से होते हुए डबवाली जाती थी, लेकिन पर्याप्त यात्री नहीं मिलने से अधिकारियों ने इस रूट पर बसों का परिचालन बंद कर दिया था। इससे सोनीपत से हिसार, फतेहाबाद व सिरसा जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब रोडवेज अधिकारियों ने इस रूट को दोबारा शुरू किया है। सोनीपत बस अड्डे से इस रूट पर रोजाना दोपहर पूर्व दो बसें रवाना की जाएंगी। डीआई कर्मबीर ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए इस रूट पर दोबारा से बस सेवा शुरू की गई है। डबवाली के लिए रोजाना दो बसें रवाना की जाएंगी।