रेवाड़ी। धारूहेड़ा-भिवाड़ी सीमा पर जमा दूषित पानी से धीरे-धीरे लोगों को निजात मिल रही है। दरअसल, सीमा पर पिछले कई महीनों से दूषित पानी जमा था, जिससे लोगों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, अब पानी सूख चुका है। लोगों ने अपनी दुकानें भी खोलनी शुरू कर दी है। पानी का जमाव होने की वजह से दुकानदारी काफी प्रभावित हो रही थी। लगातार दुकानों के अंदर पानी जा रहा था। कई दुकानदारों ने तो परेशान होकर अपनी दुकान ही छोड़ दी थी। वहीं, अब जनजीवन फिर से पटरी पर लौट रहा है। सबसे ज्यादा समस्या भिवाड़ी को थी। क्योंकि जब से धारूहेड़ा ने नाला बंद किया था तभी से भिवाड़ी में दूषित पानी का जमाव हो रहा था। स्थिति इस कदर पैदा हो चुकी थी कि 2 से 3 किलोमीटर तक पैदल चलना काफी मुश्किल था। क्योंकि पानी का जमाव दो से तीन फीट तक हो चुका था। स्थिति खराब होता देख भिवाड़ी प्रशासन ने पिछले दिनों 15 से अधिक कंपनियों को बंद गया किया था। उसके बाद धीरे-धीरे हालात सुधरने शुरू हुए। भिवाड़ी और धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र होने की वजह से यहां पर बड़ी संख्या में लोग आते जाते हैं।
दोनों जिलों के डीसी की ट्रीटमेंट प्लांट बनाने की योजना पर हुई चर्चा
इसी मामले को लेकर मंगलवार को भिवाड़ी जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने रेवाड़ी के अधिकारियों के साथ बीडा भिवाड़ी के सभागार में मीटिंग की थी। इस दौरान प्रदूषित पानी को रोकने संबंधित चर्चा की गई। बैठक में रेवाड़ी के डीसी राहुल हुडा, एसडीएम विकास यादव और पॉल्यूशन बोर्ड के आर.ओ. हरीश कुमार सहित भिवाड़ी के रिको, बीड़ा, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, नगर परिषद के स्थानीय अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला द्वारा स्पष्ट रूप से हरियाणा प्रशासन को भिवाड़ी क्षेत्र में आ रहे प्रदूषित पानी को रोकने और ट्रीटमेंट प्लांट संबंधित कार्य योजना जल्द बनाने की आवश्यकता जताई थी। वहीं, आगामी 15 जून तक इस समस्या का पूर्ण रूप से हल निकलने की उम्मीद है।
नवंबर 2023 में खोला गया था नाला
गौरतलब है कि पिछले वर्ष नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में बाबा बालक नाथ रैंप तोड़ने के लिए बुलडोजर लेकर पहुंचे थे, रैंप तो नहीं तोड़ा गया मगर नाला खोल दिया गया था। तभी से स्थिति खराब हो रही थी। अब नाला बंद है। दूसरी तरफ गंदे पानी के समाधान के लिए इस साल उम्मीद है कि व्यवस्था दुरुस्त हो जाए। ऐसा इसलिए क्योंकि अब राजस्थान में भी बीजेपी की सरकार है और हरियाणा में भी बीजेपी है। इससे पहले राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी जिस वजह से हमेशा दूषित पानी को लेकर विवाद बना रहता था और एक दूसरे पर आरोप लगाए जाते थे। जुलाई 2023 में धारूहेड़ा सीमा में रैंप बनाया गया था। मार्च के पहले सप्ताह में सीमा पर हरियाणा और राजस्थान पुलिस के बीच आपस में विवाद भी हुआ था।
-
धारूहेड़ा-भिवाड़ी सीमा पर जलभराव का मुद्दा काफी पुराना है। दोनों ही जिलों के अधिकारी अब इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहे हैं। इस साल व्यवस्था और भी ठीक हो जाएगी। -कंवर सिंह, चेयरमैन, नगर पालिका धारूहेड़ा