गन्नौर। गांव गुमड़ में मौसी के घर आकर रह रही मोनिका की विदेश से बुलाकर हत्या करने के मामले में परिजनों ने अब पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर ठोस कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि मामले में अन्य की संलिप्तता भी है। उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।
मोनिका की मौसी रोशनी ने बताया कि गांव के सुनील उर्फ शीला ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोनिका की हत्या की थीं। भिवानी सीआईए-2 ने मुख्य आरोपी सुनील उर्फ शीला को गिरफ्तार करते हुए मामले से पर्दा तो उठा दिया था, लेकिन अन्य के खिलाफ कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है। मामले में कई संदिग्ध के नाम बताने के बाद भी उन्हें नहीं पकड़ा गया। मोनिका की सोने की चेन, सोने की बाली, पासपोर्ट, उसके कागजात, लैपटॉप, मोबाइल फोन व उसके कपड़ों से भरे बैग का कोई सुराग नहीं मिला है। इस बारे में जांच अधिकारी से बात करते है तो वह कार्रवाई करने से पहले सुबूत मांगता है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक से मामले में निष्पक्ष जांच कर मामले में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करने व मोनिका का सामान बरामद करवाने की मांग की है। इस मामले में सीआईए इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि टीम इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जिन संदिग्धों के नाम बताए थे उनको जांच में शामिल किया गया है। सभी की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है ताकि कड़ी से कड़ी जुड़ सके।