फोटो 18- सोनीपत के गोहाना में नागरिक अस्पताल का पंजीकरण काउंटर। संवाद
गोहाना। बरोदा रोड स्थित नागरिक अस्पताल में अब मरीजों को पंजीकरण कराने के लिए लाइनों में खड़े होने के दौरान परेशानी नहीं होगी। जल्द ही पंजीकरण काउंटर की खिड़कियों को बाहर शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद गेट नंबर दो के पास भीड़ नहीं लगेगी। नागरिक अस्पताल प्रबंधन ने इस कार्य के लिए योजना तैयार की है।
नागरिक अस्पताल में गेट नंबर दो के पास पंजीकरण काउंटर बनाया गया है। काउंटर के सामने ही आंखों की ओपीडी है। ऐसे में पंजीकरण कराने वाले मरीज व आंखों की ओपीडी के मरीज एक साथ खड़े रहते हैं।
गेट नंबर दो से गुजरने वाले लोगों को इन लाइनों के बीचों-बीच से गुजरना पड़ता है। वहीं, ओपीडी बढ़ने पर सुबह के समय गेट नंबर दो के पास पंजीकरण कराने वाले मरीजों की भीड़ ज्यादा रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए पंजीकरण काउंटर की खिड़की को बाहर की तरफ शिफ्ट करने की योजना तैयार की गई है।