राई। गांव भिगान के पास स्थित एक ढाबे पर खाना खाने आई युवती का पर्स चोरी हो गया। पर्स में नकदी, मोबाइल, तीन डेबिट कार्ड व अन्य कागजात थे। पुलिस ने युवती के बयान पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दिल्ली के उत्तम नगर द्वारका स्थित मोहन गार्डन क्षेत्र स्थित निवासी पिंगकी बर्मन ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह रात को करीब पौने 12 बजे अपनी मां छाया बर्मन, परिचित (होने वाले मंगेतर) अभिषेक व उनकी मां सोनाली के साथ ढाबे पर खाना खाने आई थी। वहां खाना खाते हुए अचानक उनका पर्स चोरी हो गया। पर्स में पांच हजार रुपये, उनका मोबाइल, तीन डेबिट कार्ड, आधार कार्ड व वोटर आईडी कार्ड भी था। वहां लगे सीसीटीवी से चोरों का पता लगाया जा सकता है। युवती की शिकायत पर मुरथल थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।