फोटो 16- सोनीपत के गोहाना में लघु सचिवालय में एसडीएम कार्यालय के बाहर मौजूद किसान। संवाद
गोहाना। गांवों में पेट्रोल पाइप लाइन दबाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीण एकत्रित होकर लघु सचिवालय पहुंचे और एसडीएम से मिलकर अपना पक्ष रखा। किसानों ने कहा कि तेल कंपनी ने उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया। किसानों ने मार्केट रेट के हिसाब से मुआवजे की मांग की है।
किसानों ने बताया कि गांव बुटाना, कोहला, गंगाना, जागसी, नूरनखेड़ा और अन्य कई गांवों में भूमिगत पेट्रोल की पाइप लाइन दबाई गई है। इसका किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला है। किसानों का कहना है तेल कंपनी ने बेहद कम मुआवजा दिया है, जो लगभग 17 लाख प्रति एकड़ है, जबकि किसानों की मांग है कि उन्हें वर्तमान मार्केट रेट यानी दो से तीन करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा दिया जाए।
एसडीएम ने 19 अक्तूबर को मार्केट रेट के लिए बैठक करने का आश्वासन दिया है। एसडीएम कार्यालय में पहुंचे किसानों में भारतीय किसान कामगार अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतेंद्र लोहचब, राजेंद्र, जगदीप, कुलदीप, अनिल, राजेंद्र, बलबीर, शेरसिंह व वीरेंद्र शामिल रहे।