सोनीपत के मॉडल टाउन स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय में पहुंचे अभिभावक। संवाद
सोनीपत। नए शैक्षणिक सत्र को लेकर विद्यालयों में दाखिला प्रकिया शुरू हो गई है। अभी तक चिराग योजना व शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अंतर्गत दाखिले को लेकर निजी विद्यालयों ने सीटों का ब्योरा नहीं दिया है। इससे अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को अभिभावक एकत्रित होकर मॉडल टाउन स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय में पहुंचे और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी से मिलकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
अभिभावकों ने कहा कि वह निजी स्कूलों में जाते हैं तो वहां स्कूल संचालक कोई भी जानकारी होने से इंकार कर देते हैं और शिक्षा अधिकारी भी स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। अभिभावकों ने मांग की है कि निजी विद्यालयों में योजना के तहत निर्धारित सीटें सार्वजनिक की जाएं। जिससे उन्हें बार-बार स्कूलों के चक्कर न काटने पड़ें और समय पर अपने बच्चों का दाखिला करवा सकें। अभिभावकों का कहना है कि निजी स्कूल में दाखिला कराने के बाद यदि योजना के अंतर्गत नाम आता है तो निजी स्कूल फीस वापस नहीं करते। जिससे उन पर दोहरी मार पड़ती है। इस दौरान संतोष, लक्ष्मी, अंजू, सुनीता, कांता, संदीप, शमशेर व सोनू सहित अन्य मौजूद रहे।
छात्र एवं अभिभावक मंच के सचिव धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि एक अप्रैल से स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। विभाग की तरफ से अभी तक आरटीई व चिराग योजना के अंतर्गत स्कूलों में निर्धारित की गई सीटों की जानकारी नहीं दी है। जिससे अभिभावकों की परेशानी बढ़ी हुई है। उन्होंने कहा कि विभाग को इस संबंध में गंभीरता से कार्य करना चाहिए, ताकि अभिभावकों को परेशानी ना हो।
वर्जन
चिराग योजना के अंतर्गत सभी निजी विद्यालयों को निर्धारित सीटों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यालय की तरफ से भी इस संबंध में गाइडलाइन जारी की जाती है। योजना को लेकर जैसे निर्देश मिलेंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। -मंजू गर्ग, खंड शिक्षा अधिकारी, सोनीपत