गोहाना। आदर्श नगर के एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगों ने परिचित बनकर दो लाख रुपये ऐंठ लिये। ठगों ने पीड़ित को परिचित बनकर बैंक खाते में 12 लाख रुपये भेजने का झांसा देकर दो लाख रुपये बैंक खाते से ट्रांसफर करा लिये। जब पीड़ित ने परिचित से बात की तो ठगी होने का पता लगा। उन्होंने घटना की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर निवासी सुरेंद्र सिंह शास्त्री ने पुलिस को बताया कि उनके पास 9 सितंबर को व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को उनके परिचित मनराज के परिवार का सदस्य बताया था। बातचीत के दौरान ठग ने बैंक खाते में 12 लाख रुपये ट्रांसफर करने की बात कही और दो लाख रुपये दोस्त मनविंद्र सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर करने को कहा। इसके कुछ देर बाद फिर व्हाट्सएप पर काॅल आई और दूसरी तरह से बात करने वाले ने खुद को मनविंद्र सिंह बताया। फिर उन्होंने कहे अनुसार दो लाख रुपये व्हाट्सएप पर भेजे गए बैंक खाता में भेज दिए। यह बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक में विवेक कुमार के नाम पर था। उन्होंने बताया कि जब मनराज से बात हुई तो पता चला कि उन्होंने कोई रुपये नहीं मंगवाए थे। इसके बाद सुरेंद्र सिंह शास्त्री ने साइबर ठगी की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी।
पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही ठगी करने वाले का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- इंस्पेक्टर मोहन सिंह, प्रभारी, थाना शहर, गोहाना