गोहाना। गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली उपलब्ध कराने के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बिजली निगम की तरफ से अधिक लोड वाले ट्रांसफार्मर व जर्जर तार को चिह्नित किया जा रहा है। बिजली निगम की तरफ से अधिक लोड वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। जहां बिजली आपूर्ति के दौरान तार बार-बार टूटते हैं उनको बदलवाया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति दी जा सके।
बिजली निगम की ओर से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जर्जर तार को बदलने के साथ ही ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने का काम किया जाएगा। बिजली निगम के अधिकारियों का दावा है कि इस कार्य को जनवरी के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान लाइन लॉस वाले गांव की पहचान करके वहां बिजली चोरी रोकने तथा बिजली का नुकसान कैसे हो रहा है, इसका पता लगाया जाएगा। बिजली निगम गर्मी के मौसम में केवल ट्यूबवेल उपभोक्ताओं को छोड़कर सभी उपभोक्ताओं को चाहे वह घरेलू हो, स्वतंत्र हो या फिर औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ता हो उन सभी को 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने का प्रयास किया जाएगा।
गोहाना क्षेत्र में हैं करीब 650 ट्रांसफार्मर
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार मौजूदा समय में गोहाना क्षेत्र में 650 के करीब ट्रांसफार्मर लगे हैं, लेकिन बढ़ रही खपत के अनुसार ट्रांसफार्मरों पर क्षमता तक लोड रखने के लिए और ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे गर्मी के दिनों में उपभोक्ताओं को परेशानी का का सामना नहीं करना पड़ेगा।
गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जर्जर तार को बदला जाएगा और ट्रांसफार्मर के लोड को कम करने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके लिए लोड वाले ट्रांसफार्मरों की सूची तैयार की जा रही है। -राज सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, गोहाना।