खरखौदा। राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी पर बाईपास के नजदीक बाइक सवार दंपती और उनके दो साल के बेटे को इको स्पोर्ट्स कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार नौ माह की गर्भवती महिला और उनके पति घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर महिला ने मृत बच्ची को जन्म दिया। पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिला नागरिक अस्पताल में नवजात बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
एकता चौक निवासी दीपक ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पूजा नौ माह की गर्भवती थी। उसका इलाज सोनीपत निजी अस्पताल से चल रहा था। बुधवार दोपहर वह अपनी पत्नी का अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए सोनीपत जा रहे थे। इस दौरान बाइक पर उनका दो वर्षीय बेटा खुशांश भी साथ था। जब वह राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी पर खरखौदा बाईपास से निकले तो पीछे से आई इको गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह और उनकी पत्नी घायल हो गए। बेटा बाल-बाल बच गया। राहगीरों ने उन्हें इलाज के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां से पत्नी को गंभीर हालत के चलते खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें सोनीपत के निजी अस्पताल ले गए, जहां पर पूजा ने मृत बच्ची को जन्म दिया। दीपक का आरोप है कि सड़क हादसे में उनकी पत्नी के घायल होने से गर्भ में पल रही बच्ची की मौत हुई है। दीपक की शिकायत पर पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नवजात के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।