गोहाना। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होने से लोगों को फायदा होगा। बिजली निगम की ओर से गांव लाठ व तिहाड़ कलां में बिजलीघर स्थापित किए जाएंगे। जिस पर 6 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बिजलीघर स्थापित किए जाने के बाद आसपास गांवों के रहने वाले 15 हजार से ज्यादा लोगों को फायदा होगा। इसके लिए बिजली निगम की ओर से टेंडर लगाया गया है।
गर्मी के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में बिजलीघरों के ट्रांसफार्मर ओवर लोड हो जाते हैं। जिसके चलते बार-बार बिजली कट लगते है। ऐसे में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली नहीं मिल पाती है। ग्रामीण क्षेत्र में निर्बाध बिजली देने के लिए बिजली निगम की तरफ से दो बिजली घर स्थापित किए जाएंगे। इसको लेकर बिजली निगम मुख्यालय की ओर से मंजूरी दी जा चुकी है। गांव लाठ व तिहाड़ कलां में बिजलीघर स्थापित किए जाने हैं, इसको लेकर टेंडर लगा दिया गया है। मौजूदा समय में तिहाड़ मलिक व लाठ गांव को सरगथल बिजलीघर से बिजली आपूर्ति की जा रही है। दोनों गांवों में 33केवी 33केवी क्षमता के दो बिजलीघर स्थापित होने के बाद क्षेत्र में ओवरलोड की समस्या दूर हो जाएगी।
गांव तिहाड़ मलिक में बिजलीघर स्थापित किए जाने के बाद तिहाड़ मलिक, गुहणा व पिनाना के ग्रामीण क्षेत्र के अलावा कृषि क्षेत्र को फायदा मिलेगा। साथ ही लाठ गांव में बिजलीघर स्थापित किए जाने के चलते लाठ ग्रामीण क्षेत्र के अलावा आसपास कृषि क्षेत्र को जोड़ा जाएगी। जिसके चलते चाराें गांवों में रहने वाले 15 हजार ये ज्यादा लोगों को फायदा मिल सकेगा। ग्रामीणों को गर्मी के सीजन में निर्बाध रूप से बिजली उपलब्ध हो पाएगी।
वर्जन
लाठ व तिहाड़ मलिक में 33 केवी के दो बिजलीघर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 6 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया है। बिजलीघर स्थापित होने से चार गांवों में बिजली आपूर्ति की जाएगी।
राज सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम।