सोनीपत। महाविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया आखिरकार मंगलवार को शुरू हो गई। पोर्टल खुलने से विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।
मंगलवार को दोपहर से पहले पोर्टल धीमा चला, जिसकी वजह से विद्यार्थियों को परेशानी हुई। काफी विद्यार्थी निराश होकर लौट गए। हालांकि दोपहर बाद पोर्टल ने रफ्तार पकड़ी, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया ठीक चली। उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से पोर्टल खोलने के बाद मंगलवार सुबह से ही विद्यार्थी विभिन्न महाविद्यालयों में पहुंचने शुरू हो गए थे। महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क व कंप्यूटर रूम स्थापित किए गए हैं, जहां विद्यार्थी अपने दस्तावेज लेकर पहुंचे और दाखिले के लिए आवेदन किए। स्नातक कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 जून से शुरू होनी थी, लेकिन पोर्टल बंद रहने के कारण तीन दिन बाद शुरू हो पाई है। ऐसे में मंगलवार को सुबह से ही महाविद्यालयों में आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों की चहल-पहल रही।
बीकॉम के लिए एक तो बीए के लिए भरने पड़ रहे तीन विकल्प
पोर्टल पर आवेदन करते समय विद्यार्थियों के सामने कई प्रकार की परेशानी आ रही है। बीकॉम में दाखिले के लिए आवेदन करने पर जहां एक कॉलेज भरने पर ही आवेदन मान्य हो रहा है, वहीं बीए के लिए तीन कॉलेज का विकल्प मांगा जा रहा है। इससे विद्यार्थी भी असमंजस में हैं। इसके अलावा आवेदन करते समय डोमिसाइल, परिवार पहचान पत्र, ईडब्ल्यूएस, चरित्र प्रमाणपत्र तक मांगे जा रहे हैं। जब तक इनको अपलोड नहीं करते, आवेदन अधूरा रहता है। विद्यार्थियों का कहना है कि जब परिवार पहचान पत्र अपलोड कर दिया तो ईडब्ल्यूएस की जरूरत नहीं।
स्कूलों में अवकाश, कैसे लाएं चरित्र प्रमाणपत्र
आवेदन करते समय फोटो, हस्ताक्षर के अलावा चरित्र प्रमाणपत्र भी मांगा जा रहा है। विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है। ऐसे में वह चरित्र प्रमाणपत्र कैसे लेकर आएं। जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 जून निर्धारित की गई है। स्कूल 3 जुलाई को खुलेंगे। ऐसे में तो वे आवेदन करने से ही वंचित रह जाएंगे। विद्यार्थियों ने आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की है।
पोर्टल ओपन होने के बाद मंगलवार सुबह सेे ही विद्यार्थी काॅलेज में पहुंचने लगे थे। दोपहर तक पोर्टल धीमा रहा। जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हुई। कुछ विद्यार्थी लौट गए। हालांकि दोपहर बाद पोर्टल ठीक चला। दोपहर बाद तक 57 विद्यार्थियों ने आवेदन किए। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हेल्प डेस्क व कंप्यूटर रूम तैयार किए गए हैं। -प्रो. एसके जावा, प्राचार्य, हिंदू महाविद्यालय, सोनीपत