सोनीपत। एसीपी राहुल देव ने कहा कि शहर में ऐसे अनेक मेडिकल स्टोर हैं जहां पर नशे में प्रयोग होने वाली प्रतिबंधित दवा चोरी छिपे बेची जा रही हैं। पुलिस ने दवाइयों की ऐसी दुकानों की जानकारी जुटा रही है और उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस अभियान में व्यापारियों ने समर्थन की मांग की है।
वह सोमवार को लघु सचिवालय में व्यापारियों के साथ बैठक कर रहे थे। एसीपी राहुल देव ने कई अन्य मुद्दों पर व्यापारियों, दुकानदारों का सहयोग मांगा। इस दौरान 5 मुख्य बिंदुओं तय किए गए, जिन पर कुछ दिनों में काम शुरू किया जाएगा। नशे के अलावा साइबर क्राइम से बचने के लिए भी व्यापारियों को जागरूक किया गया। व्यापारियों के साथ पुलिस ने एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया, जिसमें तुरंत जानकारी दी सकेगी। बैठक में एसएचओ सिविल लाइन इंस्पेक्टर सतबीर सिंह, एसएचओ सेक्टर 27 इंस्पेक्टर जयभगवान, जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला, चेयरमैन संजय वर्मा के अलावा सुशील स्याल, हिमांशु कुकरेजा, नरेंद्र धवन, रविंद्र सरोहा, यशपाल अरोड़ा, बिट्टू जैन, राकेश चोपडा, जसविंदर सिंह, हरिओम जांगड़ा, जवाहर चानना, नरेश छाबड़ा, सुधीर खत्री, कमल हसीजा, पवन तनेजा, नवीन गर्ग, जतिन डेम्बला आदि मौजूद रहे।
इन बिंदुओं पर पुलिस ने व्यापारियों से मांगा सहयोग
एसीपी राहुल देव ने कहा कि कोई भी साइबर क्राइम होने पर व्यापारी, दुकानदार या आम आदमी थानों के चक्कर लगाने की बजाय तुरंत 1930 पर कॉल करें। जिससे रकम को वापस प्राप्त करने की पहल हो सके। व्यापारी व दुकानदारों को अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी को सडक़ की ओर रखना होगा। बाजार में किसी भी दुकान के बाहर कोई वाहन ज्यादा देर तक खड़ा रहता है तो उसकी फोटो लेकर तुरंत पुलिस के पास भेजें। चौकीदार तैनात करें। अतिक्रमण कम करने में सहयोग भी मांगा गया। साथ ही पुलिस ने व्यापारियों को आगाह किया कि ठगी करने वाली महिलाओं के कई ग्रुप सक्रिय हैं जो दुकानदारों को झांसे में लेकर ठगी करती है। स्वर्णकारों को सलाह दी कि किसी भी ग्राहक को आधार कार्ड के बिना आभूषण न बेचें।