राई। गांव नाहरी की मार्केट में बने गोदाम पर पुलिस ने छापा डालकर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाद में आरोपी को जमानत दे दी गई।
कुंडली थाना की बारोटा चौकी में नियुक्त एएसआई राकेश ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ गांव नाहरी नहर पुल पर मौजूद थे। तभी सूचना मिली कि गांव नाहरी की यादराम मार्केट में एक व्यक्ति ने अवैध पटाखों का गोदाम बना रखा है। इस पर टीम बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां एक व्यक्ति पुलिस को देखकर वहां से तेज कदमों में चलकर जाने लगा। इस पर पुलिस ने शक के आधार पर उसे पकड़ लिया। व्यक्ति ने अपनी पहचान दिल्ली के नरेला स्थित पाना पापोसियान निवासी सुरेंद्र के रूप में दी। पुलिस ने उसके गोदाम में जाकर जांच की तो वहां पटाखे भरे थे। वह पटाखे रखने को लेकर कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने गोदाम के अंदर से 331 डिब्बे स्काई शॉट, 15 पेट फूलझड़ी, माचिस बंब की 20 पेटी, अनार 11 पेटी, चक्करी चार पेटी, लड़ी बंब एक पेटी व 12 पीस रॉकेट बंब 40 पैकेट बड़े व 24 पैकेट छोटे मिले। साथ ही बंदूक रोल एक पेटी, चटर-पटर बंब एक पेटी, गोला बंब एक पेटी, मुर्गा छाप बंब 30 डंडे, खिलौना बंदूक दो पेटी, खिलौना बंदूक के छर्रे 20 डिब्बे, हरे गोला बंब तीन पेटी, लक्ष्मी बंब एक पेटी मिला। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 288 के साथ ही 9 विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी अवैध रूप से पटाखे रखकर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा था। आरोपी को जमानत मिल गई।
रिढाऊ में गई थी तीन जान
गांव रिढाऊ में 28 सितंबर को ग्रामीण के घर में चलाई जा रही अवैध पटाखा फैक्टरी में बच्चे व दो महिलाओं की जान चली गई थी। पुलिस अवैध पटाखा भंडारों पर लगातार दबिश दे रही है। खरखौदा में ही पहले अवैध पटाखे पकड़े जा चुके हैं। इसमें दुकानदार पर मुकदमा दर्ज हुआ था।
पटाखों का अवैध रूप से स्टॉक किया गया था। टीम ने छापा डालकर अवैध पटाखे पकड़े हैं। पटाखों के बेचने पर पाबंदी है। इन्हें किसी सूरत में नहीं बेचने दिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी कुंडली