विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला पुलिस अलर्ट मोड पर है।
जिलेभर में पुलिस की ओर से लगातार जांच अभियान चलाकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश सभी को दिए जा रहे हैं। साथ ही जिले में प्रवेश करने वाले मार्गों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के निर्देशानुसार महेंद्रगढ़ पुलिस ने सीएपीएफ (केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल) के जवानों के साथ मिलकर शुक्रवार देर शाम जिलेभर में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और रैन बसेरा की जांच की। इस दौरान थाना प्रबंधकों ने होटलों पर पहुंच वहां रुकने वालों की इंट्री रजिस्टर का निरीक्षण किया। साथ ही ठहरने वालों के आई कार्ड भी देखे। वहीं, होटल संचालकों को निर्देश दिए कि जो लोग होटल में रुकने आ रहे हैं, उनकी रजिस्टर में एंट्री की जाए। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति लगे तो तुंरत पुलिस को इसकी सूचना दें। इस दौरान थाना प्रभारियों ने ढाबों पर जाकर जांच की और निर्देश दिए कि अवैध रूप से शराब न परोसी जाए।
विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार अपना कार्य कर रही है, शांति भंग करने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधी तत्वों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रकार के अवैध धंधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बिना आईडी कार्ड के किसी को कमरा नहीं दिया जाए
होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, गेस्ट हाउस इत्यादि पर दिन भर जांच अभियान चलाया गया। होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिए कि उनके पास आने वाले लोगों को बिना आईडी कार्ड के किसी भी व्यक्ति को कमरा नहीं दिया जाए तथा जो व्यक्ति ठहरता है उसका रजिस्टर में पूर्ण नाम, पता व मोबाइल नंबर नोट करें। जांच अभियान के दौरान होटल संचालकों से यह भी कहा गया कि होटल में काम करने वाले कर्मचारियों की भी वेरिफिकेशन करवाएं तथा रुकने वाले व्यक्तियों का रजिस्टर में पूर्ण रिकॉर्ड रखें।