सोनीपत। शहर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पड़ोस में रहने वाले पॉक्सो एक्ट के आरोपी पर घर में घुसकर धमकी देने व बाद में परिवार के सदस्यों को बुलाकर हमला कराने का आरोप लगाया है। आरोपी के खिलाफ पीडि़त परिवार ने पहले पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करा रखा है। अब पुलिस ने बुजुर्ग के बयान पर आरोपी व उसके परिवार के खिलाफ मारपीट व धमकी देने का भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिटी थाना पुलिस को 73 साल की बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनकी 13 साल की पोती उनके पास ही रहती है। उनके पड़ोस में रहने वाले मंजीत ने पोती से छेडख़ानी की थी। जिस पर उन्होंने मंजीत के खिलाफ वर्ष 2023 में छेडख़ानी, मारपीट, 8 पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें मंजीत जमानत पर है। मामले में अब जल्द ही कोर्ट में तारीख है। जमानत पर आकर आरोपी उनकी पोती पर गलत नजर रख रहा है। वह उसे देखकर धमकी देता है कि अब कौनसा तू बच जाएगी, कोर्ट मेरा क्या करेगी, तेरे साथ मैं क्या करूंगा अब देखना। महिला का आरोप है कि वह 73 वर्ष की बुजुर्ग महिला है।
अब 4 मई की शाम को आरोपी उनके घर में घुस आया था। उस समय उनका बेटा जो उनसे अलग रहता है वह घर आया था। उसने देखा कि मंजीत उनके घर में घुसा है तो उसे रोकने लगा। जिस पर आरोपी ने परिवार को बुला लिया और उनके बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने उन्हें भी धमकी दी है। बुजुर्ग के बयान पर पुलिस ने मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुजुर्ग ने पोती की इज्जत की रक्षा के लिए पुलिस ने गुहार लगाई है।