सुदामा नगर के रहने वाले युवक ने उधार लिए पैसे वापस देने के बाद पेनाल्टी के नाम पर तंग किए जाने से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि उसके मकान पर कब्जा करने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुदामा नगर की रहने वाली रीना देवी ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि उनके पति सन्नी सिंह ऑटो चलाकर परिवार का गुजर-बसर करते थे। उन्होंने कुछ लोगों से उधार ले लिया था। उधार लिये रुपयों को उन्होंने वापस दे दिया था। उसके बावजूद आरोपी उसके पति को तंग कर रहे थे। रुपयों का भुगतान कर दिए जाने के बावजूद पेनाल्टी बकाया बताकर उनका उत्पीड़न करते थे। कई बार रास्ते में रोककर मारपीट कर चुके थे। कई बार रास्ते में उनकी दिनभर की कमाई के रुपये छीन लेते थे। अब आरोपी मकान पर कब्जा करने और परिवार को निकालकर सड़क पर खड़ा कर देने की धमकी दे रहे थे। सन्नी 24 सितंबर को भी ऑटो लेकर गए थे, लेकिन आरोपियों ने उनको रास्ते में रोककर पिटाई की और बेइज्जत किया। पिटाई करने के साथ ही उनका मोबाइल छीन लिया गया। इससे परेशान होकर सन्नी दोपहर में 12 बजे घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पैसे देने वाले युवक उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। इससे परेशान होकर उसने जहर खा लिया है। इसके साथ ही उनकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर आत्महत्या को मजबूर करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक की पत्नी ने पांच युवकों को नामजद कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। -इंस्पेक्टर सवित कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत