गोहाना के नागरिक अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर इंतजार करते मरीज। संवाद
गोहाना। बरोदा रोड स्थित उपमंडल नागरिक अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति हो गई है। अस्पताल में डाॅ. मोनिका बच्चों की ओपीडी शुरू कर दी हैं। अब क्षेत्र के बच्चों को बीमार होने पर निजी अस्पताल पर निर्भर नहीं रहना होगा।
नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग ने बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती 10 महीने पहले की थी। डॉ. प्रवीण गोयल नागरिक अस्पताल में बतौर बाल रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देते थे, लेकिन उन्होंने दो महीने पहले इस्तीफा दे दिया था। डाॅ. प्रवीण गोयल रोजाना 30 से 40 बच्चों की ओपीडी देखते थे। डॉक्टर नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को अपने बच्चों का इलाज निजी अस्पतालों में करवाना पड़ रहा है। अब बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति होने के बाद क्षेत्र वासियों को राहत मिली है। नागरिक अस्पताल में रोजाना 10 से 15 बीमार बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
पांच रुपये में ही हो जाएगा इलाज
गोहाना के नागरिक अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति होने से छोटे बच्चों का इलाज अब पांच रुपये की पर्ची में हो जाएगा। जबकि निजी अस्पतालों में ले जाने पर प्रति बच्चा ओपीडी फीस 150 से 200 रुपये लगती है। अब नागरिक अस्पताल में ओपीडी की पर्ची पर ही बच्चों को इलाज मिलेगा।
वर्जन
अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति हो गई हैं। अब अस्पताल में ही बच्चों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। इससे क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा।
डाॅ. संजय छिक्कारा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल, गोहाना