सोनीपत। मेयर निखिल मदान ने बुधवार को निगम क्षेत्र के तीन वार्डों में लगभग 5 करोड़ 20 लाख रुपये से किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। स्थानीय लोगों ने मेयर का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया और विकास कार्य शुरू कराने के लिए आभार जताया। मेयर निखिल मदान ने बताया कि वार्ड 18 के सेक्टर-23 में लगभग 2 करोड़ रुपये से सभी पार्कों में सुंदरीकरण, मरम्मत और ओपन जिम लगाने के कार्य का शुभारंभ किया।
इसके उपरांत मेयर निखिल मदान ने सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा के साथ वार्ड नंबर-9 के निवासियों को 2 करोड़ 98 लाख रुपये से होने वाले विकास कार्यों की सौगात दी। मेयर ने बताया कि बंदेपुर गांव में 1 करोड़ 25 लाख रुपये से गलियां पक्की की जाएंगी। इसके साथ ही कुछ गलियों में सीवर लाइन बिछाई जाएगी। पटेल नगर में 1 करोड़ 40 लाख रुपये से गलियां पक्की होंगी। राठधना गांव में 33 लाख रुपये से पड़ंगा पाना में बनी सामान्य चौपाल का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
साथ ही वार्ड नं. 4 में दिल्ली रोड पर सिक्का कॉलोनी पुलिस चौकी के साथ बने पार्क का भी कायाकल्प किया जाएगा। मेयर निखिल मदान ने पार्षद बबिता कौशिक के साथ मिलकर 23 लाख रुपये से पार्क की मरम्मत और सुंदरीकरण कार्य का नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। इस दौरान युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष प्रिंस सरोहा, त्रिभुवन कौशिक, कप्तान सिंह पंवार, राजेश मलिक, गौरव कौशिक, सतबीर दहिया, राजेश दहिया, अतर सिंह, सतबीर हुड्डा, सतपाल कौशिक, राकेश कौशिक, महेंद्र दहिया, रोशन लाल कौशिक, सुखबीर राणा, राम निवास शर्मा, जोगिंद्र, मनोज दहिया, रघबीर सिंह, अमित सरोहा, देवेंद्र भी मौजूद रहे।