सोनीपत के गन्नौर लघु सचिवालय में निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के एसडीओ रवीन दत्ता को निर्देश द
गन्नौर। लघु सचिवालय के परिसर में शीघ्र ही पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से पार्किंग के निर्माण के लिए 55 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
विभाग की ओर से पार्किंग के निर्माण के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। सोमवार को एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने पीडब्ल्यूडी के उपमंडल अभियंता रविन दत्ता के साथ मौके का निरीक्षण कर उन्हें जरूरी निर्देश दिए। लघु सचिवालय में हर रोज काफी संख्या में लोग अपने काम के सिलसिले में एसडीएम कार्यालय, सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय, तहसील, ई-दिशा केंद्र, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, रोजगार कार्यालय में पहुंचते हैं। लघु सचिवालय परिसर पार्किंग न होने के चलते वाहन चालक अपने वाहनों को इधर-उधर खड़ा कर रहे हैं। जिससे कई बार अव्यवस्था हो जाती है। पार्किंग बनने के बाद लघु सचिवालय में पहुंचने वाले लोगों को अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था मिलेगी।
वकीलों के पुराने चैंबर आ रहे थे आड़े
लघु सचिवालय में प्रशासनिक जमीन पर वकीलों के पुराने चैंबर बने हुए थे। कोर्ट परिसर में बनाए गए नए चैंबरों में शिफ्ट होने के बाद अधिकतर वकीलों ने अपने चैंबर खुद हटा लिए थे, लेकिन कुछ वकीलों की ओर से चैंबरों को नहीं हटने दिया जा रहा था। जिस कारण प्रशासन की इस जमीन पर पार्किंग निर्माण नहीं हो पा रहा था। करीब सवा साल पहले तत्कालीन एसडीएम सुरेंद्र दून ने उन चैंबरों को भी हटवा दिया था। जिसके बाद से यहां पार्किंग निर्माण की कवायद शुरू कर दी गई थी।
- पुराने एसडीएम कार्यालय के सामने भी बनेगी पार्किंग
एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से पार्किंग के निर्माण के लिए 55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें लघु सचिवालय के सामने प्रशासनिक जमीन पर अधिकारियों के लिए पक्की पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही पुराने एसडीएम कार्यालय के सामने खाली पड़ी प्रशासनिक जमीन पर आम लोगों के वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। इस जमीन का लेवल नीचा होने के कारण यहां जलभराव की समस्या भी रहती है। पार्किंग का निर्माण होने के बाद यहां इस समस्या से भी लोगों को निजात मिलेगा।