गन्नौर। गढ़ी झंझारा रोड स्थित जेपी डीएवी पब्लिक स्कूल में फीस बढ़ाए जाने के विरोध में शुक्रवार को अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। अभिभावकों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने फीस में काफी ज्यादा इजाफा कर दिया है। एक तरफ महंगाई तो दूसरी तरफ अपने बच्चों का भविष्य। ऐसे में स्कूल की तरफ से फीस की वृद्धि करने से आर्थिक स्थिति और खराब हो जाएगी। स्कूलों में इस तरह फीस की बढ़ोतरी से अभिभावक के ऊपर भारी भरकम खर्च का बोझ आ जाता है। अभिभावकों के गेट पर इकट्ठा होने की सूचना पर प्राचार्य चंद्रप्रकाश ने सभी को स्कूल के अंदर बुलाया और उनकी समस्याएं सुनी। अभिभावकों ने बताया कि पहले पहली से पांचवीं कक्षा तक 3000 रुपये प्रति माह फीस ली जाती थी, इसे अब 4600 रुपये कर दिया गया है। वहीं छठी से 10वीं तक 3500 रुपये प्रतिमाह फीस ली जा रही थी, उसे भी बढ़ा कर 5100 रुपये कर दिया गया। ट्रांसपोर्ट के किराये में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। इस पर प्राचार्य चंद्र प्रकाश ने बताया कि सरकार के फार्म 6 के नियमों के अनुसार ही प्रबंधन समिति की तरफ से फीस बढ़ाई है और इसमें 200 रुपये कम भी रखे गए हैं। उन्हें अभिभावकों को आश्वासन दिया कि यदि वह फीस बढ़ोतरी को लेकर परेशानी में है तो इस संबंध में प्रबंधन समिति को पत्र लिखेंगे। प्रबंधन समिति की तरफ से जो भी निर्णय लिया जाएगा वह सभी समक्ष रखा जाएगा। प्राचार्य के आश्वासन के बाद अभिभावक शांत हुए और वापस लौट गए।