सोनीपत। पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देते हुए ट्री-मैन देवेंद्र सूरा ने गांव दीपालपुर स्थित योगी महंत बाबा काले नाथ गोशाला की छह एकड़ जमीन पर ऑक्सीजन बाग लगाया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सूबे सिंह मलिक ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। मुख्यातिथि के साथ उनके भतीजे राजबीर मलिक, परिजनों सहित बड़ी संख्या में आस-पास के गांवों से पहुंचे युवाओं ने 1100 पौधे रोपकर ऑक्सीजन बाग स्थापित किया। बाग में पौधरोपण की शुरुआत से पहले पर्वतारोही नीतीश दहिया के निधन पर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
सूबे सिंह मलिक ने कहा कि बढ़ते औद्योगिक क्षेत्र के बीच ऑक्सीजन बाग स्थापित कर एक अनूठी पहल शुरू की है। उन्होंने अपने बड़े भाई स्व. रामचंद्र मलिक की याद में ऑक्सीजन बाग की सुरक्षा के लिए चारों तरफ जाली लगवाई। उन्होंने कहा कि ट्री-मैन देवेंद्र सूरा की अगुवाई में पर्यावरण परिवार की तरफ से प्रदेश व जिले को हरा-भरा बनाने के लिए गांव-गांव जाकर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा हैं। जिसमें बड़ी संख्या में युवा अपना योगदान दे रहे हैं। इसी कड़ी में दीपालपुर गांव स्थित गोशाला में प्रदेश का 23वां और जिले का 17वां ऑक्सीजन बाग स्थापित किया गया है। बाग में औषधि युक्त 1100 पौधे रोपे गए।
इस दौरान नीम का पेड़ से विख्यात सुरेश, अजीत आंतिल, प्रवीन आंतिल, सुभाष सिसोदिया, विजय मलिक, प्रदीप आंतिल, आचार्य नरेंद्र, अमित लाठिया, पवन, विनोद मलिक, सुधीर, संदीप, यशपाल आर्य, संजय शर्मा, डॉ. संदीप, भलिया देवी, प्रेम गौतम, जलजीत, अमरजीत, प्रशांत बूरा, मोहित ढोचक, अमित गाबा, सुनील देशवाल व गांव के बुजुर्गों व युवाओं ने अपना पूर्ण सहयोग दिया।
अब पेड़ों की छांव में बैठ सकेंगी गाय
गोशाला के प्रधान अजीत पहलवान ने बताया कि ऑक्सीजन बाग स्थापित होने से क्षेत्र की आबोहवा सुधरेगी। पूरे गांव के सहयोग से गोशाला में बेहतर तरीके से सुधार किया गया है। ऑक्सीजन बाग स्थापित होने से गायों को कंकरीट के फर्श व शेडों की जरूरत नहीं पड़ेगी। गाय ऑक्सीजन बाग में चरने के साथ ही पेड़ों की छांव में बैठ सकेंगी। उन्होंने इस पहल को अनूठी बताते हुए प्रदेश में अधिक से अधिक ऑक्सीजन बाग स्थापित करने का आह्वान किया।