सोनीपत के मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अमर उजाला के संव
सोनीपत। राजकीय स्कूलों में यदि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तो विद्यार्थियों की संख्या जरूर बढ़ेगी। स्टाफ पूरा होगा तो शिक्षा का स्तर भी सुधरेगा और अभिभावक भी अपने बच्चों का खुशी-खुशी दाखिला करवाएंगे। यह बात मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अमर उजाला की तरफ से आयोजित संवाद कार्यक्रम में शिक्षा के मुद्दे पर चर्चा करते हुए अभिभावकों ने कही।
स्कूल प्राचार्य सुमन बाला ने कहा कि शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास पर पूरा ध्यान दे रहा है। राजकीय स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैँ। कार्यक्रम में शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर अध्यापिकाओं व अभिभावकों से चर्चा करते हुए प्राचार्य सुमन बाला ने बताया कि इस बार राजकीय स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले ही पहली से पांचवीं तक के प्रत्येक विद्यार्थी को पुस्तकें वितरित कर दी गई हैं। छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए भी पुस्तकें जल्द पहुंचने की उम्मीद है। राजकीय स्कूलों में अब पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को खेलों में भी आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुरथल अड्डा की छात्राओं का प्रदेश में कोई सानी नहीं है। हमारे स्कूल की बेटियां कई सालों से सांस्कृतिक गतिविधियों में राज्य स्तर पर छाई हुई हैं। इसके पीछे बेहतर माहौल, शिक्षकों की मेहनत और छात्राओं को दी जाने वाली सुविधाएं हैं। इससे बेटियां अपने सपनों को उड़ान दे पा रही हैं।
अंग्रेजी प्राध्यापिका रितू राज ने बताया कि शिक्षा विभाग ने हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार दिलाने लिए आरटीई व चिराग जैसी योजनाएं भी चलाई हुई हैं। जिनका लाभ उठाकर मेधावी विद्यार्थी अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं। वाणिज्य प्राध्यापिका निर्मला ने बताया कि राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर भी सजग है। स्कूलों में उन्हें पौष्टिक आहार देने के लिए मिड डे मील योजना चलाई गई है, इसमें विद्यार्थियों को 17 प्रकार के व्यंजन दिए जा रहे हैं। इस दौरान भौतिक विज्ञान की प्राध्यापिका सुमन, पीजीटी अंग्रेजी रितू शर्मा, प्राध्यापिका दर्शना, प्रमिला, ममता, कवितता, मिनाक्षी, पूनम, मुकेश, योगिता, पूनम राठी, पुष्पा, विष्णु दत्त, मुकेश, राकेश सहित अन्य मौजूद रहे।