संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ओल्ड डीसी रोड स्थित बिजली निगम के सर्कल कार्यालय में मंगलवार को बिजली दरबार लगाया गया। इस दौरान दो घंटे तक अधीक्षण अभियंता गीतूराम तंवर शिकायतकर्ताओं के आने का इंतजार करते रहे। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक लगे दरबार में दो शिकायतें लेकर उपभोक्ता पहुंचे। उन्होंने जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की, जिससे उन्हें निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति मिल सके। इस पर अधीक्षण अभियंता ने फरियादियों को जल्द तार बदलवाने का आश्वासन दिया।
शहर के मयूर विहार निवासी करण सिंह ने बताया कि कॉलोनी में काफी समय से तार लटक रहे हैं। बड़ा हादसा होने की आशंका है। लोगों के लिए गली से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। वह इस समस्या को लेकर उपमंडल अभियंता को भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। इस पर अधीक्षण अभियंता ने उन्हें तुरंत उपमंडल अभियंता प्रदीप खोखर से मिलने की बात कही।
गांव ककरोई निवासी किसान सुरेंद्र सिंह ने कहा कि उनके खेतों की लाइन हरसाना कलां स्थित 33केवी बिजली घर से जुड़ी है। बिजली के तार जर्जर होने के कारण खेतों में पूरी बिजली नहीं मिल पाती। उनका कहना है कि धान की रोपाई का सीजन आ गया है। खेतों में तार जर्जर होने के कारण बिजली आपूर्ति सही नहीं हो रही है। इस पर अधीक्षण अभियंता ने जल्द ही तारों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।
बिजली दरबार में दो शिकायतें आई हैं। उन शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। अब सीजीआरएफ का बिजली दरबार 16 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक लगेगा। ऐसे में उन उपभोक्ताओं को दरबार में आना चाहिए, जिनका स्थानीय अधिकारियों से मिलने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा हो।
- गीतूराम तंवर, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, सोनीपत