हादसे में किशोर की मौत के बाद नागरिक अस्पताल में पहुंचे परिचित। संवाद
सोनीपत। सेक्टर-23 स्थित भगत सिंह ग्राउंड के पास रेंज रोवर गाड़ी चालक की लापरवाही से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। वह इकलौते बेटा था। सूचना के बाद पहुंची सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मूलरूप से गांव प्रहलादपुर किडौली फिलहाल सेक्टर-23 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी सतेंद्र दहिया ने बताया कि रोहतक के गांव रिठाल से उनका साला मंजीत उनके घर आया था। शनिवार को वह बाइक लेकर मयूर विहार सोनीपत जा रहे थे। उनके साथ उनका बेटा विवान (15) भी था। जब वह भगत सिंह ग्राउंड के पास मोड़ पर पहुंचे तो सामने से एक रेंज रोवर गाड़ी तेज गति से आई। उनके साले की बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह गिर गए। विवान का सिर रेंज रोवर के टायर में जा लगा, जिससे वह घायल हो गया। मंजीत अपने भांजे को रेंज रोवर में डालकर निजी अस्पताल लेकर गए। उसे प्राथमिक उपचार देकर नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। वह उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। वहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि हादसा गाड़ी चालक की लापरवाही से हुआ है। पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।