सोनीपत। शिक्षा विभाग की ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव की प्रक्रिया पूरी होते ही 630 शिक्षकों का तबादला हो गया। इसमें अधिकतर शिक्षकों को उनके पसंद के स्कूल मिल गए। ट्रांसफर ड्राइव के दौरान कई शिक्षकों के खंड बदले गए तो कुछ शिक्षकों के घर से स्कूल की दूरी ही करीब 15 किलोमीटर की रह गई है। सभी शिक्षकों को एक सप्ताह में कार्यभार ग्रहण करना होगा, लेकिन कई शिक्षकों ने सोमवार को नए स्कूल में ज्वाइन कर किया।
जिले के 2200 शिक्षकों में से करीब 1500 शिक्षकों ने ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव में भाग लिया था। बेहतर अंक के आधार पर ज्यादातर शिक्षकों को अपना पसंदीदा स्कूल मिला है। जिले में एक शिक्षक जिनका गांव पुरखास में ही स्कूल मिल गया जो उनके रोड पर ही है। प्राध्यापकों के संगठन हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) की लगभग पूरी कार्यकारिणी का तबादला पानीपत में हो गया। जिले में करीब 140 प्रिंसिपल हैं। जिसमें से करीब 40 की पोस्ट रेशलाइजेशन में खत्म कर दी गई। 100 प्रिंसिपल ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव में शामिल हुए। इसमें जहां कथूरा के साहब सिंह को जींद भेजा गया तो वहीं शेखपुरा के सुरजीत सिंह का तबादला हुआ है। इस बीच कुछ प्रिंसिपल ने तकनीकी खामियां बताई है, जिसके बाद विभाग ने उसे दो दिन के लिए टाल दिया है।