सोनीपत। बस अड्डे पर मेरठ जाने वाली बस के अंदर एक साल का मासूम बच्चा बेसहारा हालत में मिला है। सवारियों ने मामले से रोडवेज चालक को अवगत कराया। जिसके बाद दो घंटे तक रोडवेजकर्मियों ने बच्चे को संभाला। बाद में परिवार का सदस्य बस अड्डे पर पहुंचा तो मामले का पता लगा। बच्चा रोहतक स्थित हसनगढ़ के भट्ठे पर रहने वाले परिवार का था। पुलिस जांच में लगी है।
बस अड्डे से करीब पौने 12 बजे रोडवेज बस मेरठ के लिए चली तो गेट के पास पहुंचते ही यात्रियों ने चालक-परिचालक को बताया कि बस में एक बच्चा बेसहारा हालत में है और रो रहा है। चालक संदीप बस को वापस अंदर ले आए। बस अड्डे में इसकी उद्घोषणा कराई, लेकिन बच्चे को लेने कोई नहीं आया। रोडवेज कर्मियों ने बच्चे को उतार लिया और पुलिस को अवगत कराया। काफी देर बाद इश्तकार नाम का युवक आया और बताया कि बच्चा उनके परिवार का है। वह हसनगढ़ भट्ठे पर रहते है। बच्चा यहां कैसे आया उन्हें नहीं पता। जिसके बाद पुलिस टीम उन्हें साथ ले गई। माता-पिता के आने के बाद उन्हें बच्चा सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि पता लगा कि परिवार का सदस्य बच्चे को बस में भूलवश छोड़ गया था। उसके बावजूद मामले में जांच की जाएगी।
विज्ञापन
रोडवेज कर्मियों ने मामले में मानवता दिखाते हुए बच्चे के लिए बोतल लाकर उसे दूध पिलाया। दो घंटे तक बच्चे का पूरा ध्यान रखा। दो कर्मी बच्चे के साथ रहे।