खरखौदा। सिसाना-फरमाणा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला चित्रकूट के गांव सूरसेन फिलहाल गांव सिसाना निवासी संजय का कहना है कि वह अपने भाइयों के साथ मिलकर क्षेत्र में मेहनत मजदूरी करता है। बुधवार की रात को वह अपने भाई राममूरत व भंभौर, जिला चित्रकूट निवासी राजा, सिसाना निवासी टिंकू व मंजीत के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं भरकर जौली गांव गए थे। गेहूं उतारकर वह रात में सिसाना लौट रहे थे। मंजीत ने ट्रैक्टर को तेज चलाना शुरू कर दिया। टोकने पर उसने कहा कि उसे घर जल्द पहुंचना है। रात करीब दो बजे वह जब गुहणा मंडी के पास पहुंचे तो ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सड़क किनारे पलट गया।
संजय का कहना है कि उसका भाई राममूरत ट्रॉली में बैठा था, जो उसके नीचे दब गया, जबकि उसे व राजा, टिंकू और मंजीत को चोट आई है। किसी प्रकार उसके भाई को ट्रॉली से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। राजा और टिंकू को पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। वहीं संजय की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक मंजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।