बस चालकों की पिटाई करने, तोड़फोड़ कर नकदी छीनने व रंगदारी देने की धमकी देने के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव रोहणा निवासी कर्मजीत उर्फ काली है। जिसे न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गांव वैट निवासी दीन मोहम्मद ने 9 सितंबर को बताया था कि गाड़ी सवार बदमाशों ने उनकी दो बसों का रास्ता रोककर उनकी पिटाई की और एक बस के शीशे तोड़ते हुए उनसे 22 हजार रुपये से ज्यादा की नकदी छीन ली। शिकायतकर्ता ने आरोपियों पर उन्हें इस रूट पर बस चलाने की एवज में रंगदारी देने की धमकी देने के भी आरोप लगाए थे। दीन मोहम्मद ने काली दहिया व प्रिंस नाम के दो आरोपियों के साथ ही उनके अन्य साथियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद अब कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहणा निवासी कर्मजीत उर्फ काली को गिरफ्तार किया है जिसे न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।