सोनीपत। सोनीपत से पुरखास रोड पर गांव सांदल खुर्द इन दिनों अधिकारियों की अनदेखी का शिकार बना हुआ है। हालात यह हैं कि गांव से शहर आने वाले मुख्य मार्ग पर पैदल चलना भी दुभर बना हुआ है। लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) विभाग की तरफ से नवनिर्माण के लिए सड़क पर लगे ब्लॉक तो उखाड़ दिए, लेकिन नए लगाना भूल गया। इसका खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। गत दिवस हुई बारिश के बाद सड़क के नाम पर कीचड़ ही कीचड़ हो गया है। इससे हादसों की आशंका बढ़ गई है।
सोनीपत के पुरखास रोड स्थित गांव सांदल खुर्द में ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की तरफ से सड़क को उखाड़कर बीच में ही छोड़ दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता रहता है। यह सड़क कई गांवों को शहर से जोड़ती है। इसके बावजूद इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। वह सड़क की दशा सुधारने व नए सिरे से बनाने के लिए अनेकों बार अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन आज तक सड़क का सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि दो साल से प्रशासनिक अधिकारी गुमराह कर रहे हैं। हर बार टेंडर होने की बात कह देते हैं, लेकिन समस्या के समाधान की तरफ किसी का ध्यान नहीं है। कई महीनों पहले ही रोड़ी व रेत डालकर छोड़ दिया गया है। बारिश होने के बाद सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण करने की मांग की है।
यह बोले ग्रामीण
-अधिकारी गांव सांदल खुर्द में पत्थर और मिट्टी डालकर भूल गए हैं। बारिश होने के कारण मार्ग पर कीचड़ हो गया है। यहां से गुजरने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा। सड़क का जल्द निर्माण करवाया जाए।
कृष्ण सिंह
लोक निर्माण विभाग की तरफ से सड़क को उखाड़ कर बीच में छोड़ दिया गया है। जिससे हर समय हादसे घटित होने का डर बना रहता है। घना कोहरा होने के कारण वाहन चालकों को उखाड़ी गई सड़क नजर नहीं आती।
मामन सिंह
दो साल से अधिकारी सड़क बनाने के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। सड़क उखाड़कर छोड़ देने से हर समय हादसों का डर बना रहता है। विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। बारिश के बाद कीचड़ होने से विद्यार्थियों की वर्दी भी खराब हो जाती है।
राज सिंह
वर्जन
सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क बनाने के लिए ब्लॉक उखाड़े गए हैं। बारिश आने से उखाड़ी गई सड़क पर पानी भर गया था, जिस कारण काम रोका गया है। मौसम साफ होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोनीपत