सोनीपत। अब निगम कर्मचारी घर-घर जाकर प्राॅपर्टी आईडी (पीआईडी) सत्यापन का कार्य नहीं कर सकेंगे। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने घर-घर जाकर सत्यापन करने के कार्य को स्थगित कर दिया है। अब प्रॉपर्टी मालिक खुद नगर निगम कार्यालय में पहुंचकर अपनी प्रापर्टी आईडी का सत्यापन करवा सकेंगे। इसके अलावा प्रॉपर्टी मालिक शहरी स्थानीय निकाय विभाग के पोर्टल पर खुद अपनी प्रॉपर्टी आईडी का स्वयं सत्यापन कर सकते हैं। प्रॉपर्टी आईडी सत्यापन कराने के बाद प्रॉपर्टी मालिक चालू वित्त वर्ष के गृहकर जमा कराने पर 10 फीसदी की छूट ले सकेंगे।
20 वार्डों में 1,91, 284 प्रॉपर्टी आईडी बनी हुई हैं। इसमें से 1,03, 962 प्रॉपर्टी आईडी अपडेट हो चुकी है। 87, 322 प्रॉपर्टी आईडी में अब भी गलतियां हैं या फिर मालिक के नाम ही दुरुस्त नहीं हैं। पीआईडी को वार्ड स्तर पर दुरुस्त कराने के लिए स्वयं सत्यापन कैंपों का आयोजन किया गया। इसके बाद अब अब 28, 938 प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित की जा चुकी हैं। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने घर-घर सत्यापन कार्य व कैंप को स्थगित कर दिया है। अब लोग अपनी प्रॉपर्टी आईडी के डाटा की जांच नगर निगम कार्यालय में ही करा सकेंगे। इसके अलावा वह खुद पोर्टल https://property.ulbharyana.gov.in/ पर डॉटा जांच कर सकते हैं। अगर इस दौरान कोई गलती है तो उसे भी दुरुस्त कराया जा सकता है।
स्वयं सत्यापन के बाद नहीं हो पाएगी पीआईडी से छेड़छाड़
क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ ने बताया कि जिन प्रॉपर्टी आईडी में स्वयं सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है, उन प्रॉपर्टी आईडी में कोई भी अनजान व्यक्ति मालिक का नाम नहीं जान पाएगा। साथ ही उस प्रॉपर्टी आईडी से कोई अन्य छेड़छाड़ नहीं कर पाएगा। स्वयं सत्यापन का एक फायदा यह भी होगा कि जो गलतियां उसमें रह गई हैं उन्हें दूर कराने के बाद उस प्रॉपर्टी का मालिक भी साबित हो जाएगा। नगर निगम की ओर से लोगों को प्रॉपर्टी आईडी के स्वयं सत्यापन कार्य कराने की भी अपील की जा रही है।
प्रॉपर्टी डाटा का स्वयं-सत्यापन अनिवार्य
निगमायुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि जिन प्रॉपर्टी मालिकों ने अभी तक अपने प्रॉपर्टी आईडी को स्वयं-सत्यापित नहीं किया है, वह एनडीसी पोर्टल पर स्वयं-सत्यापन जरूर कर दें। इसके बाद लोग आसानी से एनडीसी निकाल सकेंगे। प्रॉपर्टी मालिक अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करके अपनी प्रॉपर्टी आईडी के माध्यम से प्रॉपर्टी डाटा सर्च करें तथा सभी कॉलम में दी गई जानकारी का अवलोकन करके हां पर क्लिक करके स्वयं-सत्यापन के लिए सबमिट करें। अगर आपके डाटा में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो उसके सुधार के लिए आपत्ति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी डाटा को स्वयं सत्यापित करना अनिवार्य है।
मुख्यालय के आदेश पर डोर टू डोर जाकर प्रॉपर्टी आईडी सत्यापन कार्य को स्थगित कर दिया है। अब प्राॅपर्टी मालिक निगम कार्यालय में आकर अपनी प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित कर सकेंगे। इसके अलावा विभाग के पोर्टल पर जाकर अपनी प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित कर सकेंगे। प्राॅपर्टी आईडी सत्यापन के बाद गृहकर जमा कराने पर 10 फीसदी की छूट दी जा रही है।
- विश्राम मीणा, आयुक्त, नगर निगम सोनीपत