फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: अब सोनीपत में होंगे भाजपा के मेयर, आज दिल्ली में थामेंगे दामन

Thu, 11 Jul 2024 06:30 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
सोनीपत में मेयर निखिल मदान से मिलने पहुंचे भाजपाई निगम पार्षद।
विज्ञापन
सोनीपत। नगर निगम के पहले मेयर निखिल मदान आज कांग्रेस को झटका देते हुए भाजपा का दामन थाम लेंगे। उन्हें वीरवार को दिल्ली के हरियाणा भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल व नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाएंगे।
विज्ञापन


कांग्रेस के युवा नेता निखिल मदान ने वर्ष 2020 में राजनीति में कदम रखने के बाद नगर निगम के मेयर का चुनाव जीता और सोनीपत के पहले मेयर बने थे। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता ललित बतरा को 13817 वोटों से हराया था। निखिल की यह जीत प्रदेश में चर्चा का विषय बनी थी। करीब साढ़े तीन साल बाद अब निखिल का कांग्रेस से मोहभंग हो गया है और भाजपाई होने जा रहे हैं। हालांकि, लंबे समय से निखिल मदान के भाजपा में जाने की चर्चा थी। वह हर बार इनको मात्र अफवाह कहकर टाल देते थे। बताया जा रहा है कि निखिल के भाजपा में शामिल होने की पटकथा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के केंद्र में मंत्री बनने के बाद से लिखी जाने लगी और इसे अब सिरे चढ़ाया जा रहा है। एक दिन पहले ही भाजपा ने सोनीपत के राई विधायक मोहन लाल बड़ौली को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है।



टिकट के बढ़े दावेदारों के साथ पुराने नेताओं की चिंता बढ़ी

मेयर निखिल मदान को मजबूत पंजाबी चेहरा माना जाता है। उनके भाजपा में आने से भाजपा के पुराने नेताओं की चिंता बढ़ना लाजिमी है। मेयर चुनाव के दौरान प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद कांग्रेस की टिकट पर लड़ते हुए निखिल ने जीत दर्ज की थी। इनसे पहले भाजपा में पूर्व मंत्री कविता जैन, राजीव जैन, ललित बतरा, तरूण देवीदास, योगेश पाल अरोड़ा व डॉ. ओपी परूथी चुनाव की तैयारियों में लगे हैं और जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन




विधायक ने बिना नाम लिए लगाया था भाजपा की मदद करने का आरोप

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने जीत दर्ज की थी, लेकिन वह सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से भारी मतों के अंतर से हारे थे। विधायक सुरेंद्र पंवार ने इस विषय में बिना नाम लिए इशारे से कई बार आरोप लगाया था कि मेयर ने लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की मदद की है। हालांकि निखिल मदान आरोपों को नकार चुके थे।



भाजपा के निगम पार्षदों ने निखिल से की मुलाकात

भाजपा में शामिल होने से एक दिन पहले बुधवार को नगर निगम में भाजपा के सभी 11 पार्षद निखिल मदान से उनके कार्यालय में मिले। पार्षदों ने निखिल का भाजपा में आने पर स्वागत किया कहा कि वह उनके साथ मिलकर काम करेंगे। भाजपा पार्षदों में हरिप्रकाश सैनी, सुरेंद्र मदान, बबीता त्रिभुवन कौशिक, मुकेश सैनी, मुनीराम ठोलेदार, पुनीत त्यागी राई, ममता लूथरा, इंदु संजीव वलेचा, लक्ष्मीनारायण तनेजा, संगीता सैनी, अतुल जैन शामिल हैं। उनका मानना है कि निगम क्षेत्र के अटके विकास कार्यों को अब गति मिलेगी।



शहर के विकास के लिए भाजपा को चुना : निखिल

मेयर निखिल मदान ने कहा कि साढ़े तीन वर्षों में नगर निगम क्षेत्र में उन्होंने खूब विकास कार्य करवाने का प्रयास किया है, लेकिन बहुत से काम ऐसे हैं, जो अटके हुए हैं। ऐसे विकास कार्यों को पूरा कर शहर को चमकाने के लिए वह भाजपा में जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें