गन्नौर। जनस्वास्थ्य विभाग से पेयजल समस्या के समाधान व अधिकारियों के खिलाफ मिली शिकायत पर सुनवाई करते हुए एसडीएम कार्यालय का फोन न उठाने पर उपमंडल अभियंता को नोटिस जारी है। एसडीएम डॉ. निर्मल नागर ने उपमंडल अभियंता रविंद्र के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करके एक सप्ताह के भीतर जवाब देने का आदेश दिया है। जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के भी चेतावनी दी गई है।
नगरपालिका पार्षदों ने बुधवार को एसडीएम डॉ. निर्मल नागर को जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ पेयजल समस्या का समाधान न करने बाबत शिकायत दी थी। उनका आरोप था कि कि अधिकारी कई बार फोन तक भी नहीं उठाते। जब फोन उठाते हैं तो उनका बात करने का तरीका सही नहीं होता। ऐसे में जनता काफी परेशान हो चुकी है। उन्होंने एसडीएम को शिकायत देकर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम कार्यालय की तरफ से एसडीओ रविंद्र को फोन किया गया, लेकिन उनकी ओर से फोन नहीं उठाने के चलते एसडीएम ने उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है।