सोनीपत। निर्जला एकादशी पर जिलाभर में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ जगह-जगह मीठे पानी की छबील व भंडारे लगाए गए। छबील लगाकर राहगीरों व वाहन चालकों को पानी पिलाकर उनकी प्यास बुझाई गई। वहीं कई जगह पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
निर्जला एकादशी पर नरेंद्र नगर के श्रद्धालुओं ने शिव मंदिर सुधार समिति के तत्वावधान में तीसरी निशान यात्रा निकाली। जिसका नेतृत्व विजय वर्मा व जोगिंद्र मोर ने किया। निशान यात्रा नरेंद्र नगर स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर खाटू श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा में श्रद्धालु निशान उठाकर बाबा श्याम के जयकारें लगाते हुए चलें। आचार्य मनमोहन मिश्रा, निर्मला, सरोज मोर, आरती मिश्रा, पूनम गुप्ता व दर्शना मलिक यात्रा में सहयोग रहा।
पुरखास अड्डा ओल्ड महावीर कॉलोनी स्थित सिद्धपीठ श्री लक्ष्मीनारायण बालाजी मंदिर में निर्जला एकादशी पर मीठे पानी की छबील व भंडारा लगाया गया। छबील में राहगीरों व वाहन चालकों को मीठा पानी पिलाया गया। इस दौरान प्रधान सुरेश भारद्वाज सहित कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
निर्जला एकादशी पर दीवान चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से बहालगढ़ रोड स्थित दीवान फार्म शिव मंदिर में मीठे पानी की छबील व भंडारा लगाया गया। इस दौरान राहगीरों व वाहन चालकों को मीठा पानी पिलाकर प्रसाद वितरित किया गया।
अभियान चलाकर रोपे 10 पौधे
जनहित अभियान फाउंडेशन ने सिटी पार्क में पौधरोपण अभियान चलाकर 10 पौधे रोपे। मुख्यातिथि मास्टर पूर्ण सिंह ने पौधा रोपकर अभियान की शुरुआत की। दिलबाग सिंह, रविंद्र हुड्डा, विकास दहिया, सत्यवीर आर्य, सत्यवान, जगवीर मलिक, राजेश वर्मा, सुभाष पालीवाल, बिजेंद्र ढुल, आजाद ग्रेवाल, रोहतास दहिया, रणजीत व नील दहिया मौजूद रहे।
मां भारती रक्तवाहिनी की इकाई श्रीराम क्रिकेट क्लब के सदस्य प्रदीप अत्री, सिल्लू व नवीन कुंडू ने नागरिक अस्पताल के सामने गली में तीन बरगद के पौधे रोपकर पर्यावरण का संदेश दिया। उन्होंने पौधरोपण के प्रति जागरूकता के लिए ट्री-मेन देवेंद्र सूरा का आभार व्यक्त किया और आगे भी पौधरोपण की शपथ ली।