फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस के 60 साल पर भाजपा के नौ साल भारी : गडकरी

Wed, 21 Jun 2023 12:31 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
सोनीपत के बीसवां मील के पास नारियल तोडकऱ फ्लाईओवर का उद्घाटन करते केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी,
विज्ञापन
सोनीपत। देश में कांग्रेस के 60 साल के कार्यकाल पर भाजपा की मोदी सरकार के नौ साल का काम भारी पड़ रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व के यह नौ साल और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के पांच साल को छोड़कर देश में कांग्रेस की सरकार रही। कांग्रेस ने अपने शासन काल में देश को गुमराह करने का काम किया। गरीबी हटाओ का नारा देने वाली कांग्रेस ने अपने नेताओं की ही गरीबी दूर की। यह बात केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को नई अनाज मंडी में आयोजित गौरव भारत रैली को संबोधित करते हुए कही।
विज्ञापन

रैली से पहले उन्होंने बीसवां मील के पास कुंडली-पलवल-मानेसर (केएमपी) व कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) के जीरो प्वाइंट पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ कुंडली से पानीपत तक चौड़ीकरण के बाद तैयार हुए 8 लेन के 24 किलोमीटर लंबे हाईवे व 11 फ्लाईओवर को लोकार्पित किया। इस पर करीब 900 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
सांसद रमेश कौशिक की तरफ आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने साढ़े आठ साल के कार्यकाल में ईमानदारी से कार्य कर प्रदेश की तस्वीर बदलने की पहल की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश को केंद्र सरकार से जो भी सहयोग चाहिए, उनका मंत्रालय उसे पूरा करेगा।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने प्रदेश को रेलवे फाटकमुक्त बनाने के लिए आरओबी और आरयूबी के निर्माण के लिए सेतु भारतम योजना के तहत 300 करोड़ रुपये की मांग रखी, जिसे गडकरी ने मौके पर ही मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिसंबर, 2024 तक उनका मंत्रालय हरियाणा में 100 प्रोजेक्ट पर कार्य कर रहा है, जिनमें से 2200 किलोमीटर की 47,000 करोड़ रुपये की 51 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, 830 किलोमीटर की 35,000 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। साथ ही 756 किलोमीटर की 20,000 करोड़ रुपये की 19 अन्य परियोजनाएं हैं, जिनमें 14 परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कई के टेंडर की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि मनोहर लाल को विश्वास दिलाते हैं कि दिसंबर, 2024 तक प्रदेश में 2 लाख करोड़ रुपये के परियोजनाओं पर कार्य पूरा होगा। इन परियोजनाओं से प्रदेश की सड़कें अमेरिका के बराबर हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि नौ वर्ष के कार्यकाल में सबसे अच्छे कामों में एक करोड़ लोग जो हाथ से रिक्शा चलाते थे, उनको राहत देते हुए ई-रिक्शा दिया गया। अब कोई पीठ पर बोझा नहीं ढोता। इस मौके पर सांसद रमेश कौशिक, विधायक मोहनलाल बड़ौली, निर्मल चौधरी, महिपाल ढांडा, कृष्ण मिड्ढा आदि मौजूद रहे।

प्रदेश सरकार ने थ्री-सी और थ्री-डी पर किया प्रहार : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हमेशा प्रदेश की परियोजनाओं को आगे बढ़कर मंजूरी दी है। उन्होंने नेशनल हाईवे-44 पर दिल्ली से पानीपत तक 11 फ्लाईओवर का उद्घाटन करने के साथ-साथ करनाल बाईपास तथा अंबाला शहर के लिए नए बाईपास का शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं पर 3700 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। प्रदेश में अब तक 17 नेशनल हाईवे बन चुके हैं। हरियाणा शायद एकमात्र ऐसा प्रदेश है, जिसके सभी जिले नेशनल हाईवे से जुड़ गए हैं। इसके अलावा भी भविष्य में कई प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले सभी जानते थे कि प्रदेश में किस प्रकार का भय, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद की सरकार थी। वर्तमान सरकार ने इन बुराइयों को जड़ से समाप्त किया है। साढ़े 8 वर्ष तक हमारी सरकार ने बिना किसी पर्ची-खर्ची के, बिना भेदभाव के मिशन मेरिट पर सरकारी नौकरियां दीं। युवा शिक्षा की ओर अग्रसर हैं। वर्तमान राज्य सरकार ने थ्री-सी और थ्री-डी पर प्रहार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि थ्री-सी पर प्रहार करते हुए करप्शन, क्राइम और कास्ट से जुड़ी राजनीति पर गहरी चोट की है। प्रदेश सरकार ने 5-एस जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वाभिमान, सुरक्षा और स्वावलंबन पर जोर दिया है। हरियाणा में परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पात्र नागरिकों को हर योजना का लाभ मिल रहा है।
हाईवे पर उद्घाटन समारोह में पहुंचे उपमुख्यमंत्री, पर रैली में नहीं आए

राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीसवां मील के पास हाईवे की सड़क व फ्लाईओवर के उद्घाटन समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भी शिरकत की। हालांकि सोनीपत की नई अनाज मंडी में भाजपा की गौरव भारत रैली के मंच पर वह नहीं आए। मंच स्थल पर उनके पोस्टर, होर्डिंग व कट आउट अवश्य लगाए गए थे।

सोनीपत से जींद को मिली सौगात

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोनीपत में गौरव भारत रैली से जींद को भी सौगात दी। जींद के विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा की तरफ से जींद में नरवाना रोड से रोहतक रोड तक बाईपास व जींद से ईक्कस गांव तक रिंग रोड के निर्माण की मांग की थी। जिसे केंद्रीय मंत्री ने मंजूर करने की घोषणा की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें