सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में बास्केटबाॅल खेलते खिलाड़ी। स्रोत: प्रवक्ता
राई। हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय और मोतीलाल नेहरु खेलकूद स्कूल, राई में वीरवार को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। सबसे पहले हाॅकी की जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। वहीं, प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इससे पहले कुलपति अशोक कुमार व प्रधानाचार्य मौसमी घोषाल ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। उनके साथ प्रशासकीय अधिकारी कर्नल मोहित कपूर, खेल अधिकारी चंद्रशेखर शर्मा, प्रमोद धीमान भी मौजूद रहे।
सबसे पहले खेलकूद विश्वविद्यालय और खेलकूद स्कूल के विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। नोडल अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय का हिमालय सदन ने पहला स्थान हासिल किया। विद्यालय की तरफ से इंद्र सदन दूसरे स्थान पर रहा। विद्यालय के इको क्लब की इंचार्ज दिनेश कुमारी ने मुख्य अतिथि से पौधरोपण कराया और एक सप्ताह में 200 पौधे लगाने का प्रण लिया। खेलकूद विश्वविद्यालय और खेलकूद स्कूल राई के बीच बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल और रस्साकशी स्पर्धाएं आयोजित की गई। मुख्य अतिथि कुलपति अशोक कुमार ने खिलाड़ियों को खेल के लिए प्रोत्साहित किया।