सोनीपत। संबलपुर से जम्मू तवी जाने वाली गाड़ी संख्या 18309 मूरी एक्सप्रेस के बुधवार रात सोनीपत स्टेशन से निकलते ही ब्रेक जाम हो गए। जिससे ट्रेन को सांदल कलां स्टेशन पर रोकना पड़ा। लोको पायलट ने सभी बोगियों के पहियों जांच कर कमी को दूर किया। जिस कारण ट्रेन करीब पौना घंटा खड़ी रही। इससे देर रात यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गाड़ी संख्या 18309 संबलपुर से चलकर जम्मू तवी जाती है। बुधवार को यह ट्रेन दिल्ली होते हुए रात करीब 10:45 बजे सोनीपत पहुंची थी। सोनीपत से अंबाला की तरफ चलते हुए मध्यम गति से करीब 11 बजे सांदल कलां रेलवे स्टेशन पर पहुंची और मुख्य लेन पर खड़ी हो गई। लोको पायलट ब्रेक जाम होने की आशंका जताते हुए जांच शुरू की। इस बीच दिल्ली की तरफ से आ रही 11077 झेलम एक्सप्रेस को दूसरे ट्रैक से गुजारा गया। लोको पायलट ने नीचे उतरकर सभी बोगियों की जांच की और कमी को दूर किया। करीब पौने घंटे के बाद ट्रेन ने दोबारा अपना सफर शुरू किया। जिसके बाद ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। ब्रेक जाम होने के कारण मूरी एक्सप्रेस ने पहले झेलम एक्सप्रेस को आगे निकाला। उसके बाद ट्रेन को मध्यम गति से राजलू गढ़ी रेलवे स्टेशन पर खड़ा कर दिया गया। जिसके बाद दिल्ली से अंबाला की तरफ जाने वाली दो रनथ्रू ट्रेनों को गुजारा गया। तीन ट्रेनें गुजरने के बाद भी ट्रेन के नहीं चलने से यात्री खासे परेशान नजर आए और बार-बार इंजन के पास जाकर लोको पायलट से ट्रेन चलने का समय पूछते रहे। रात करीब पौने 12 बजे ट्रेन पानीपत की तरफ रवाना हुई।
इस प्रकार का मामला संज्ञान में नहीं आया है। कई बार ट्रेनों में मामूली तकनीकी कमी आ जाती है। जिस कारण ट्रेन को रोकना पड़ता है। जिसे लोको पायलट अपने स्तर पर ही ठीक कर लेते हैं। -अजय माइकल, जनसंपर्क अधिकारी, दिल्ली रेलवे मंडल