सोनीपत। खरखौदा में हुए शराब के खेल से लगातार पर्दा उठ रहा है। अब गोपालपुर चौक के पास गोदाम में केस प्रोपर्टी की रूप में रखी शराब में से 2400 से अधिक पेटी गायब मिली है। मामले में माल मुहर्रर एसआई और उसके सहायक सिपाही पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पहले भी कई पुलिस कर्मियों को नामजद किया जा चुका है, लेकिन अभी भी केस प्रोपर्टी के रूप में रखी शराब के कम मिलने का सिलसिला जारी है।
खरखौदा के गोपालपुर चौक पर कई वर्ष पहले पकड़ी गई शराब की 16000 से अधिक पेटियों की खेप को भी इसी गोदाम में सील किया गया था। अब वहां पर करवाई गई गिनती में सामने आया है कि वहां से भी करीब 2400 पेटी शराब गायब है। ऐसे में शराब के गोलमाल के इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। शराब कम मिलने पर अब डीएसपी के बयान माल मुहर्रर का पद संभाल रहे एसआई व उसके नायब का पद संभाल रहे सिपाही के मुकदमा दर्ज किया गया है। माल मुहर्रर पर इससे पहले भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। वहीं एसआईटी प्रभारी जितेंद्र कुमार की टीम मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की विशेष टीम मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई है। वह टीम लगातार गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। सोमवार को भी तत्कालीन थाना प्रभारी जसबीर के दो ठिकानों पर दबिया दी गई थी। हालांकि वह वहां नहीं मिला। अब उसकी तलाश को और तेज कर दिया गया है।