सोनीपत। गांव हरसाना में गैंगस्टर दीपक मान की हत्या के मामले में पंजाब जेल में बंद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े मोनू डागर को पंजाब से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आने के बाद पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े सबूत व आरोपी की भूमिका का पता लगाया जाएगा।
बंबीहा गैंग के गैंगस्टर पंजाब के जिला फरीदकोट के जैतो मंडी स्थित आंबेडकर नगर निवासी दीपक मान की चार गोली मारकर हत्या की गई थी। दो अक्तूबर को गांव सिसाना में नारायण आश्रम के पास रजबहा की पटरी पर स्पेशल एंटी गैंगस्टर गतिविधि यूनिट प्रभारी अजय धनखड़ की टीम ने मामले में आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा था। मुठभेड़ में गोली लगने से गांव गढ़ी सिसाना निवासी मंजीत उर्फ मटकन, चेतन, ओजस्व घायल हुए थे। ओजस्व मूलरूप से रोहतक के गांव बलंभा का रहने वाला और गांव गढ़ी सिसाना में अपने ननिहाल में रह रहा है। पुलिस ने उनके चौथे साथी जसबीर को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि दीपक मान की हत्या पंजाब जेल में बंद सोनीपत के गांव रेवली निवासी मोनू डागर ने कराई थी। उसकी मंजीत व ओजस्व से पहचान है। पुलिस ने अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी मोनू डागर को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं मामले में गिरफ्तार आरोपी चेतन व ओजस्व का रिमांड भी दो दिन बढ़वाया गया है।