सोनीपत। सेक्टर-15 की एक गली में खड़े पिता-पुत्र पर बंदरों ने हमला कर दिया। बंदर के काटने से अरुण घायल हो गए। जमीन पर गिरने से उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। जबकि उनके बेटे ने भागकर खुद को बचाया। अरुण का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सेक्टर-15 निवासी अरुण अपने 10 साल के बेटे के साथ शनिवार शाम को पार्क के पास टहल रहे थे।अचानक ही पार्क से बंदरों का झुंड गली में आया और उन पर झपट पड़ा। बंदरों को देख अरुण का बेटा भाग गया, जबकि अरुण के हाथ पर बंदरों ने काट लिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। तभी पड़ोसी इंद्र और आसपास के लोगों ने बंदरों को खदेड़ा। जमीन पर गिरने से अरुण की रीढ़ की हड्डी में फ्रैंक्चर हो गया। उन्हें शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। फिलहाल अरुण का शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सेक्टरवासी इंद्र व अन्य लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने नगर निगम के खिलाफ धरना देने की चेतावनी दी। मुख्य सफाई निरीक्षक साहब सिंह का कहना है कि जल्द ही एजेंसी को ठेका देकर बंदर पकड़वाए जाएंगे।