संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। लोकसभा चुनाव में चल रही नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली व बसपा प्रत्याशी उमेश कुमार सहित पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल करवाया। इनमें मोहनलाल बड़ौली की कवरिंग उम्मीदवार के रूप में उनकी पत्नी गीता सहित दो निर्दलीय ने भी नामांकन किया। शुक्रवार को पांच नामांकन भरे गए। सोनीपत लोकसभा के लिए नामांकन भरने वालों की संख्या 11 हो गई है, जिनमें दो कवरिंग उम्मीदवार भी हैं।
भाजपा प्रत्याशी मोहन लाल बड़ौली का नामांकन करवाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश सरकार के मंत्री महिपाल ढांडा, राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा निर्वाचन कार्यालय पहुंचे थे। बसपा के उम्मीदवार के रूप में गुहणा के निवासी उमेश कुमार गहलावत ने नामांकन जमा करवाया, जिनका व्यवसाय खेती है। इनके साथ ही आजाद उम्मीदवारों के रूप में बिचपड़ी गांव के रहने वाले जगबीर सिंह व हरसाना कलां निवासी संत धर्मबीर चोटीवाला शामिल हैं। निर्दलीय प्रत्याशी जगबीर सिंह और संत धर्मबीर चोटीवाला ने अपना व्यवसाय कृषि दर्शाया है।
कौन कितनी संपत्ति का है मालिक
बसपा उम्मीदवार उमेश कुमार की वार्षिक आय 4.92 लाख रुपये है। उमेश कुमार के पास नकद 1 लाख तो पत्नी के पास 50 हजार रुपये हैं। 2.70 लाख रुपये का सोना उमेश तो 6.70 लाख रुपये का सोना उनकी पत्नी के पास है। खेती को पेशे के तौर पर अपनाने वाले उमेश कुमार पर 1.55 लाख रुपये का लोन है। इनकी पत्नी अध्यापिका है। दंपती के पास 71 लाख रुपये अचल संपत्ति व 1.75 लाख की चल संपत्ति है।
खेतीबाड़ी है जगबीर का व्यवसाय
आजाद उम्मीदवार जगबीर ने नामांकन में दिए संपत्ति के विवरण में अपने पास 50 हजार रुपये नकद बताए है। वहीं बैंक में 4.24 लाख रुपये जमा है। इन्होंने खेतीबाड़ी को अपना व्यवसाय बताया है।
आठ लाख से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं पति-पत्नी
आजाद उम्मीदवार संत धर्मबीर चोटीवाला और उनकी पत्नी के पास 50-50 हजार रुपये नकद हैं। विभिन्न बैंकों में जमा रुपयों के साथ दोनों की चल संपत्ति आठ लाख रुपये से अधिक है। अचल संपत्ति के तौर पर दोनों 14 करोड़ रुपये से अधिक की जायदाद के मालिक हैं। संत धर्मवीर चौटाला पेशे से वकील हैं और खेतीबाड़ी भी करते हैं।