सोनीपत। मामा-भांजा चौक क्षेत्र निवासी बंसीलाल ने पुलिस को बताया कि वह ई-रिक्शा चलाते हैं। शुक्रवार रात को वह बेटे पुनीत के साथ ई-रिक्शा लेकर मामा-भांजा चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक आए और रतनगढ़ चलने के लिए 400 रुपये में ई-रिक्शा बुक किया। दिव्यांग बेटे पुनीत को साथ लेकर चल दिए। जब वह बड़वासनी के पास पहुंचे तो युवकों ने उन्हें गुरु सदन रोड से चलने के लिए कहा। बिधल से पहले उन्होंने रजवाहे के साथ लगते कच्चे रास्ते की ओर ई-रिक्शा को मोड़ने को कहा।
इसी दौरान उन्होंने कॉल कर एक युवक को बुलाया। थोड़ी देर में एक युवक बाइक लेकर वहां आ गया। तीनों ने मारपीट शुरू कर दी। चाकू निकालकर बेटे के गले पर रख दिया और जेब से 500 रुपये और मोबाइल निकाल लिया। आरोपी उनकी ई-रिक्शा की बैटरी निकाल कर बाइक पर सवार होकर भाग गए। वह बेटे को लेकर मुख्य रोड पर आए। वहां एक राहगीर से मोबाइल लेकर मामले की सूचना पुलिस को दी। सदर थाना पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।