गोहाना। विधायक जगबीर सिंह मलिक शुक्रवार को महिला मेडिकल कॉलेज पहुंचे। विधायक ने धरने पर बैठी एमबीबीएस छात्राओं का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बॉन्ड नीति लागू करके एमबीबीएस कोर्स को महंगा कर दिया है, जो गलत है। बॉन्ड नीति लागू होने से मध्यम वर्ग परिवार के छात्र एमबीबीएस की पढ़ाई नहीं कर पाएंगे। उन्होंने सरकार से बॉन्ड नीति वापस लेने की मांग की।
महिला मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्राएं सरकार की बॉन्ड नीति के विरोध में चार नवंबर से कक्षाओं का बहिष्कार कर धरने पर बैठी है। सरकार ने एमबीबीएस में दाखिले के लिए छात्राओं से 40 लाख रुपये के ऋण का एग्रीमेंट करने की शर्त रखी है, जबकि कोर्स पूरा करने के बाद नौकरी की भी गारंटी नहीं दी जा रही है। छात्राओं ने कहा कि कोर्स पूरा करने के बाद निजी अस्पतालों में नौकरी करने पर वेतन कम मिलेगा। जिससे वह ऋण की किस्तों का भुगतान भी नहीं कर पाएंगी। ऐसे में वह एमबीबीएस का कोर्स करने में असमर्थ हो जाएंगे।
एमबीबीएस छात्राओं ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सरकार की तरफ से बॉन्ड नीति को वापस नहीं लिया जाता है तो वे आगामी रणनीति तैयार करेंगी। वे पंचकूला जाकर मुख्यमंत्री के आवास कर घेराव करने के लिए मजबूर होंगी। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।