सोनीपत। विधायक सुरेंद्र पंवार ने निगम आयुक्त मोनिका गुप्ता से मिलकर विधानसभा क्षेत्र की अवैध कॉलोनियों को वैध करवाने का मांग पत्र सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने सोनीपत शहर के विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की। नगर निगम की जमीन पर गोशाला खुलवाने व गोसेवकों की मदद के लिए भी मांग पत्र सौंपा। निगम आयुक्त ने विधायक सुरेंद्र पंवार को मांगों को जल्द ही पूरा कराने का आश्वासन दिया।
विधायक सुरेंद्र पंवार ने बताया कि संत कबीर नगर, राजीव कालोनी एक्सटेंशन, डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलोनी, देवीलाल कॉलोनी, राजीव कॉलोनी मुरथल रोड, दहिया कॉलोनी ककरोई रोड, सिद्धार्थ कॉलोनी, शिव कॉलोनी, ऋषिकुंज कॉलोनी सहित दूसरी कॉलोनियां ऐसी हैं, जहां पर लोगों को रहते हुए 10 से 15 साल हो गए है। उन कॉलोनियों में अभी तक मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल लाइन, पक्की गलियों का अभाव है। जब भी अधिकारियों को कार्य के लिए कहा जाता है तो वह अवैध कॉलोनी का नाम लेकर कार्य से मना कर देते हैं। इसका मुद्दा उन्होंने विधानसभा में उठाया, वहां शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि नगर निगम से अवैध कॉलोनियों को वैध करवाने का प्रस्ताव भिजवा दें। उन्होंने निगम आयुक्त से मांग करते हुए कहा कि जल्द उक्त कॉलोनियों के साथ-साथ अन्य कॉलोनियों का सर्वे करवाकर उन्हें वैध करवाने का प्रस्ताव मुख्यालय भेज दें। उन्होंने सभी पार्षदाें से भी अपने-अपने एरिया की प्रत्येक कॉलोनी का प्रत्येक किला नंबर रिपोर्ट में अंकित करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने निगम आयुक्त को बताया कि अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर 11 अक्तूबर को हरयिाणा विधानसभा चंडीगढ़ में बैठक होनी है। इसके साथ ही आगामी हाउस की मीटिंग को लेकर एजेंडा भी निगम कमिश्नर को सौंपा है, जिसमें उन्होंने संत नामदेव मार्ग, स्वामी दयानंद मार्ग, शहीद भगत सिंह की प्रतिमा, महर्षि कश्यप मार्ग, स्वतंत्रता सेनानी मार्ग का नामकरण रखने की भी मांग की है। साथ ही सेक्टर-14 की मुख्य सड़क, गीता भवन चौक की मुख्य सड़क, राठधना रोड की मुख्य सड़क व शहर में पेयजल की साफ आपूर्ति कराने की मांग की। निगम आयुक्त मोनिका गुप्ता ने विधायक सुरेंद्र पंवार को उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।