गन्नौर। गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में वीरवार को गांव बड़ी में करीब 1.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। विधायक देवेंद्र कादियान ने नारियल फोड़कर विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया। विकास कार्यों में गांव की फिरनी के साथ नाले का निर्माण, श्मशान घाट का विकास, सनपेड़ा रोड पर कम्युनिटी हॉल का निर्माण, तीन गलियों और चार खेतों के रास्तों को पक्का करने के कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर कुल 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें फिरनी के साथ नाले के निर्माण पर 30 लाख रुपये, श्मशान घाट के विकास पर 20 लाख रुपये और सनपेड़ा रोड पर कम्युनिटी हॉल बनाने पर 30 लाख रुपये की लागत आई है। इसके अलावा तीन गलियों के निर्माण पर 30 लाख और चार खेतों के रास्तों पर 40 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।