सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा में अव्वल रहने वाले जिले के 13 मेधावियों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को सम्मानित किया। इसमें 10वीं कक्षा के दो तो 12वीं कक्षा के 11 विद्यार्थी शामिल रहे। मेधावी छात्र सम्मान समारोह अमर उजाला की तरफ से करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित किया गया। इसमें मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री से सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिले रहे।
अमर उजाला की तरफ से आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में सम्मानित होकर होकर लौटे मेधावियों ने कहा कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका इस तरफ सम्मान होगा। समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान प्राप्त कर जीवन में कुछ कर गुजरने की प्रेरणा मिली है। अब जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। सम्मान पाने वालों में 10वीं कक्षा से रिया व मानसी और 12वीं कक्षा की कला संकाय से निशु व प्रियंका, वाणिज्य संकाय से हिमांशी, स्मृति कुमारी व शिवानी और विज्ञान संकाय से रोहित कुमार, आरजू व शीतल शामिल रहे। विद्यार्थियों व उनके परिजनों ने अमर उजाला के प्रयास की सराहना की और कहा कि इस प्रकार कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को ओर बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।
विद्यार्थियों ने सीएम से पूछे सवाल
आदर्श छात्र के क्या गुण होते हैं?
मुख्यमंत्री ने बेटी के सवाल पर कहा कि बड़ों का सम्मान करना और लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए कड़ी मेहनत करना। जिससे वह अपने व माता-पिता के सपनों को पूरा कर सकें।
शिवानी, 12वीं, वाणिज्य संकाय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोहाना मंडी
सीएम साहब सीईटी हर साल आयोजित करें
-मुख्यमंत्री ने बेटी की मांग पर कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत करते रहें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीईटी को लेकर सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
प्रियंका, 12वीं, कला संकाय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जाखौली