फोटो 07. सोनीपत के मुरथल विवि स्थित स्वास्थ्य केंद्र के औषधालय में ड्यूटी के दौरान काम करते फा
सोनीपत। फार्मेसी अधिकारी चुनाव ड्यूटी के साथ मरीजों को दवा वितरित कर रहे हैं। उपमंडल नागरिक अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात 45 फार्मेसी अधिकारियों की ड्यूटी चुनाव में लगी है।
ऐसे में फार्मेसी अधिकारियों के सामने काम दोगुना हो गया है। उन्हें पहले चुनाव ड्यूटी के लिए वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी (एपीओ) का प्रशिक्षण लेने जाना पड़ रहा है। दोपहर बाद वापस आकर उन्हें फिर से मरीजों को दवाएं वितरण करनी पड़ रहीं हैं।
सेहतमंद रहने के लिए स्वस्थ आहार और शारीरिक गतिविधि के साथ अच्छी और सही स्वास्थ्य सेवा भी जरूरी है। मरीजों को सही सलाह देने से लेकर उनका सही इलाज करने और उनके लिए दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तक, फार्मेसी अधिकारी समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वास्थ्य विभाग में 63 फार्मेसी अधिकारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें से 10 फार्मेसी अधिकारी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत हैं। वर्तमान में विधानसभा चुनाव कराने के लिए करीब 45 फार्मेसी अधिकारियों की ड्यूटी लगा रखी है। उनको चुनाव प्रक्रिया समझाने के लिए वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी (एपीओ) का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ऐसे में उपमंडल नागरिक अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात फार्मेसी अधिकारियों को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक प्रशिक्षण लेने जाना पड़ रहा है। प्रशिक्षण शिविर से आने के बाद फॉर्मेसी अधिकारी फिर से मरीजों को दवा वितरण कर रहे हैं। फार्मेसी अधिकारियों का कहना है कि मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध कराना उनका फर्ज है। वह चुनाव ड्यूटी निभाने के साथ अस्पताल में मरीजों को दवा उपलब्ध करा रहे हैं।