भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज परिसर में मोमबत्तियां लेकर प्रदर्शन करतीं एमबीबीएस की छात्राएं?
- फोटो : Sonipat
गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्राओं ने बॉन्ड नीति के खिलाफ चल रही हड़ताल के तीसरे दिन कैंडल मार्च निकाला। छात्राओं ने शाम को महिला मेडिकल कॉलेज परिसर में हाथों में मोमबत्तियां लेकर प्रदर्शन किया।
छात्राओं ने कहा कि अब विद्यार्थियों को एमबीबीएस में प्रथम वर्ष में दाखिला लेने पर बैंक या शिक्षण संस्थान के साथ 10 लाख रुपये ऋण का एग्रीमेंट करना होगा। दूसरे, तीसरे व चौथे साल की पढ़ाई के दौरान भी 10-10 लाख रुपये के ऋण का एग्रीमेंट होगा। इस ऋण को कोर्स पूरा करने के बाद छात्राओं को चुकाना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब एमबीबीएस की सीटों को बेचना चाहती है। छात्राओं ने कहा कि सरकार के नियम के अनुसार एमबीबीएस करने के बाद विद्यार्थियों को सरकारी संस्थानों में सात साल तक सेवा देनी होगी, लेकिन सरकार नौकरी की गारंटी नहीं दे रही है। ऐसे नियमों के चलते मध्यम व आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियां कभी चिकित्सक नहीं बन पाएंगी। रोषित छात्राओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।