सोनीपत। हरियाणा एमेच्योर रेसलिंग एसोसिएशन की वार्षिक जनरल बॉडी बैठक में अध्यक्ष रोहताश सिंह नांदल की अध्यक्षता में खेल रत्न बिजेंद्र लोहान को महासचिव व नरेश सेलपाड़ को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही बहादुरगढ़ में हुए एसोसिएशन के चुनावों को फर्जी बताया गया। बैठक में प्रत्येक माह प्रदेश में कुश्ती प्रतियोगिता-ओपन प्रतियोगिता करवाने व राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का बीमा करवाने सहित कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बुधवार को मुरथल में हुई बैठक में प्रदेश भर से 16 जिलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। हरियाणा एमेच्योर रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहताश सिंह नांदल की अध्यक्षता में कार्यकारिणी का विस्तार किया गया।इसमें पवन अहलावत झज्जर, रविन सिवाच पंचकूला, भूवेन सिंह गुरुग्राम, राजबीर सिंह मलिक सोनीपत, धीर सिंह फरीदाबाद, चांद सिंह चरखी-दादरी, विकास लोहान जींद को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं खेल रत्न बिजेंद्र सिंह लोहान को महासचिव बनाया गया। इसी कड़ी में एनआईएस कोच कदम सिंह गुरुग्राम, एनआईएस कोच विरेंद्र सिंह झज्जर, जितेंद्र सिंह सिरसा, सुमित डबास पलवल को सहसचिव चुना गया। एनआईएस कोच रविंद्र ठाकन भिवानी, शाहिद अफरीदी मेवात, अजयपाल सिंह रोहतक, एनआईएस कोच रविंद्र छिक्कारा, एनआईएस कोच ओमप्रकाश जींद व एनआईएस कोच कृष्ण कुमार चरखी-दादरी को कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर हरियाणा एमेच्योर रेसलिंग एसोसिएशन में जिम्मेवारी दी गई। इसी कड़ी में शाम को ही अध्यक्ष रोहताश नांदल ने खेल मंत्रालय की तरफ से भारतीय कुश्ती संघ की तदर्थ समिति को नए पदाधिकारियों की सूची भेज दी है।
35 सदस्यों का दल लेगा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा
हरियाणा एमेच्योर रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहताश सिंह नांदल, नवनियुक्त महासचिव बिजेंद्र सिंह लोहान व कोषाध्यक्ष नरेश सेलपाड़ के अनुसार भारतीय कुश्ती संघ की गठित तदर्थ समिति की निगरानी में जयपुर में 2 से 5 फरवरी के मध्य रेलवे बोर्ड की तरफ से आयोजित ओपन चैंपियनशिप में फ्री स्टाइल कुश्ती, ग्रीको रोमन में कुल 30 पहलवानों सहित 35 सदस्यों की टीम हिस्सा लेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए हरियाणा की टीम का चयन ओलंपियन एवं खेल निदेशक अमित दहिया की खेवड़ा सोनीपत स्थित खेल नर्सरी में ट्रायल के आधार पर किया जा रहा है। नांदल के अनुसार तदर्थ समिति के माध्यम से जयपुर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता ही सही है। पूना में निलंबित खेल एसोसिएशन की प्रतियोगिता को उन्होंने नियमों के विरुद्ध बताया।
बहादुरगढ़ में हुआ चुनाव असंवैधानिक
समिति की वार्षिक बैठक में बहादुरगढ़ में हुए चुनावों को पूर्ण रूप से गलत व अवैध बताया गया। इसमें कहा गया कि जब केंद्रीय खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ को निलंबित कर रखा है तो ऐसे में उनकी तरफ से किसी भी राज्य में चुनाव कैसे करवाए जा सकते हैं। अध्यक्ष रोहताश सिंह नांदल व नवनियुक्त महासचिव बिजेंद्र लोहान ने कहा कि जिन लोगों ने बहादुरगढ़ में चुनाव करवाया था, वह तो संघ के सदस्य तक नहीं हैं।